बहल । वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा कांग्रेस द्वारा स्कूल बचाओ शिक्षा बचाओ आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहल क्षेत्र के चैहड़ कलां गांव में विद्यार्थियों व ग्रामीणों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से स्कूलों को फिर से बहाल करने के लिए कहा। अभियान के तहत पैदल रैली का आयोजन किया।
मंगलवार को युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा व पूर्व जिला परिषद चेयरमैन राजबीर फरटिया ने चैहड़ कलां में सरकारी स्कूल को बंद किए जाने पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में अनेक स्कूलों को बंद किया है। हाल ही में प्रदेशभर में 105 स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करते हुए इन स्कूलों को बहाल करने की मांग करती है। युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि इस सरकार की नाकामी की वजह से लड़कियों को अपने हक के लिए आंदोलन करने के लिए सड़कों पर आकर वर्तमान सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इस अवसर पर संदीप तंवर, एडवोकेट विकास, राकेश शर्मा, श्रीकांत, शिवकुमार, मा. छत्रपाल, ईश्वर सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।