भिवानी। कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रदर्शन के दौरान हरियाणा के गठबंधन सरकार पर तीखे प्रहार किए गए। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों की भरमार, किसानों की समस्या और भ्रष्टाचार के लिए प्रदेश की मनोहर लाल सरकार जिम्मेदार ठहराया गया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि ये सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। आमजन मानस जान चुका है कि गठबंधन सरकार का ध्यान महज अपने चहेतों को मालामाल करना है। श्रुति चौधरी ने कहा कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है।
सोमवार को किरोड़ीमल पार्क में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव व छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा, विधायक किरण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता ने प्रदेश की गठबंधन सरकार को आड़े हाथों लेकर घेरा फिर सड़कों पर उतरकर जनता की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। किरण चौधरी, कुमारी सैलजा और श्रुति चौधरी ने किरोड़ीमल पार्क से लघु सचिवालय तक पैदल मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर हरियाणा सरकार के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में कुमारी सैलजा ने कहा कि आज पूरा हरियाणा गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों की भावना किरण और श्रुति के साथ है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि इलाके के समान विकास और रोजगार के लिए किरण और श्रुति चौधरी का इसी तरह डटकर साथ देना होगा।
पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि सरकार ने प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर लूट का ठेका अपने चहेते लोगों को दिया हुआ है और वे बेदर्दी से लोगों को ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरमसीमा पर है। हरियाणा प्रदेश के 88 शहरों (11 नगर निगम, 23 नगर परिषद व 54 नगर पालिकाओं ) में एक करोड़ से अधिक हरियाणवी अपनी प्रॉपर्टी आईडी सही कराने के लिए महीनों से दलालों के उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इलाके में बर्बाद हुई बाजरे और कपास की फसलों की तुरंत गिरदावरी करवाने के साथ अत्यधिक बारिश से पीड़ित किसानों व शहरी दुकानदारों को यथासंभव मुआवजा देना चाहिए।
पूर्व सांसद व प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारी अध्यक्ष श्रुति चौधरी ने कहा कि मेरा परिवार, मनोबल और ताकत आप हो। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह के जाने के बाद जब तक आपका आशीर्वाद मेरे साथ है, मुझे कोई खतरा नहीं है। प्रदेश आज बेरोजगारी के मामले में देशभर में पहले पायदान पर है। सीईटी में हुई गड़बड़ी ने सरकार की पोल खोलकर रख दी है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, सुरेश गुप्ता, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा ने भी विचार रखे। इस मौके पर विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक शमशेर गोगी, विधायक रेणु बाला, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व विधायक रणधीर सिंह धीरा, पूर्व विधायक बुटा सिंह, भूपेंद्र गंगवा, राव कमलवीर, पंकज पुनिया, संदीप बेरवाल मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष श्रुति चौधरी ने किया।
सम्मलेन में नहीं पहुंच पाए सुरजेवाला
राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला कमर में चोट लगने के कारण नहीं पहुंच पाए। वे अस्पताल में भर्ती हैं। उनके भाई सुदीप सुरजेवाला प्रदर्शन में शिरकत करने आए।