भिवानी। अपनी विभिन्न मांगों के लिए कंप्यूटर प्रोफेशनल्स संघ की हड़ताल शनिवार को छठे दिन भी जारी रही। इसके कारण आमजन की परेशानी लगातार बढ़ रही है। वहीं सरकार को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। सरकार कंप्यूटर प्रोफेशनल्स को हड़ताल खत्म किए जाने को लेकर बार-बार मनाने का प्रयास कर रही है। इसके तहत तीन दौर की वार्ता हो चुकी है। जो असफल रही।
अब कंप्यूटर प्रोफेशनल्स की सरकार के प्रतिनिधि से 24 जुलाई को फिर से वार्ता होगी। इसमें तय किया जाएगा कि कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म होगी या आगे भी जारी रहेगी। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि डीआईटीएस का केंद्रीयकरण करते हुए बजट का प्रावधान, कर्मचारियों के पद सर्जित, डीआईटीएस के अधीन कार्यरत्त कर्मचारियों को नियमित किए जाने तथा तब तक 58 वर्ष की सेवा सुरक्षा दिए जाने, सभी डीआईटीएस कर्मचारियों को डीआईटीएस में शामिल किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन सरकार लंबे समय से उनकी मांगों को नहीं मान रही है।
इसके कंप्यूटर ऑपरेटरों को संघर्ष की राह अपनानी पड़ी। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पहले दौर की मीटिंग राजेश खुल्लर के साथ हुई थी, जिसमें उन्हें 58 साल की सर्विस बारे आश्वासन मिला कि सरकार बहुत जल्द 58 साल तक की सर्विस का एक्ट लेकर आ रही है, उसमें कंप्यूटर प्रोफेशनल को शामिल किया जाएगा। दूसरे दौर की मीटिंग आईटी डायरेक्टर अजय तोमर से होनी थी, लेकिन वे छुट्टी पर होने के कारण मीटिंग नहीं हो पाई। इसके बाद उमाशंकर से तीसरे दौर की वार्ता हुई।
इस वार्ता में डीआईटीएस का केंद्रीयकरण मुद्दों पर बातचीत हुई, लेकिन उन्होंने कहा इसके बारे में अधिकारियों से बात कर सहमति ली जाएगी। उन्होंने बताया कि अब उनकी अगली वार्ता 24 जुलाई को आईटी डायरेक्टर अजय तोमर के साथ होनी है। जिसमें सरकार के फैसले अनुसार आगामी रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि 24 जुलाई को भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज अपना संघर्ष तेज करने पर मजबूर होंगे। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि अगले चरण में सोमवार व मंगलवार को विधायक एवं मंत्रियों को ज्ञापन सोपा जाएगा एवं उनके आवास पर 9 से 5 तक धरना दिया जाएगा।