भिवानी। भिवानी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी और एसडीएम महेश कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सुपरवाइजरों, बीएलओ और एईआरओ के साथ बैठक की। एसडीएम ने सभी बीएलओ को 11 जुलाई तक सभी प्रपत्रों पर निर्णय लेकर रजिस्टर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर प्रपत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें। एसडीएम महेश कुमार ने बीएलओ को बीएलए के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक आयोजित करने को कहा। उन्होंने संबंधित फोटो एप से आवश्यक रिकॉर्ड डाउनलोड कर पूरा करने के निर्देश दिए।
अभियान की समय-सीमा नहीं बढ़ेगी
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
पर्यवेक्षकों को प्रपत्रों का सत्यापन करने के निर्देश दिए
एसडीएम ने सभी सुपरवाइजरों को घर-घर जाकर प्रपत्रों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्हें प्रपत्र एकत्रित करवाकर समय पर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करना होगा। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक बीएलओ और बीएलए की बैठक आयोजित हो चुकी हो। बैठक कार्रवाई पर संबंधित सभी के हस्ताक्षर मौजूद होने चाहिए। प्रत्येक बूथ से संबंधित सभी मतदाताओं का अद्यतन विवरण बीएलओ के पास उपलब्ध होना अनिवार्य है। बैठक की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना भी अनिवार्य है। बैठक में डीएफओ प्रदीप कौशिक और बीडीपीओ भिवानी नवीन कुमार उपस्थित रहे।