भिवानी। लघु सचिवालय परिसर में सोमवार को बवानीखेड़ा नगर पालिका के करीब 10 पार्षद डीसी से मिलने पहुंचे। पालिका पार्षदों ने बवानीखेड़ा की चेयरपर्सन के खिलाफ डीसी को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। नाराज पार्षदों ने चेयरपर्सन पर उनके वार्डों की अनदेखी का आरोप लगाया। गौरतलब होगा कि नगर पालिका में नाराज पार्षदों ने नपा चेयरपर्सन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे पहले भी नाराज पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव दिया था, लेकिन नाराज पार्षदों को एकजुट नहीं कर पाए थे। सोमवार को एक बार फिर से दस पार्षदों ने हस्ताक्षर कर उपायुक्त को चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। जिस पर उपायुक्त ने इस मामले में संज्ञान लेने का भरोसा दिलाया। लघु सचिवालय में पहुंचे पार्षद अजय वाल्मीकि, बलवंत गौरी, मीना चोपड़ा, सुदेश रानी ने बताया कि नगर पालिका के वार्डों में विकास कार्यों को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। कई वार्डों की हालत ऐसी हैं, जहां मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बना है। पार्षद अपने वार्डों के विकास कार्यों की सूची लेकर नपा चेयरपर्सन के पास जाते हैं तो उन्हें बजट नहीं होने का बहाना बनाकर टालमटोल की जा रही है। जबकि सुविधाओं की मांग को लेकर लोग वार्ड पार्षद से काफी उम्मीद करते हैं।
ये पार्षद रहे मौजूद
वार्ड नम्बर 02 से अजय वाल्मीकि
वार्ड नम्बर 03 से बलवंत गौरी
वार्ड नम्बर 04 से मीना चोप?ा
वार्ड नम्बर 06 से पंकज महता
वार्ड नम्बर 07 से सुदेश रानी
वार्ड नम्बर 08 से हिम्मत तंवर
वार्ड नम्बर 09 से प्रेम पाल
वार्ड नम्बर 11 से ऋतु रानी
वार्ड नम्बर 12 से रमेश काजल
वार्ड नम्बर 14 से ओमपति देवी
वर्जन
पार्षदों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं, इनमें कोई सच्चाई नहीं है। हमने सभी पार्षदों को साथ लेकर कस्बे का विकास किया है और सभी पार्षदों का मान सम्मान रखा है, लेकिन फिर भी कोई मन मुटाव है तो हम दूर करने के लिए तैयार हैं।
कांता किरण ओड, चेयर पर्सन, नगरपालिका बवानी खेड़ा।