पॉलिथीन से भरे बंडलों के साथ सीएम फ्लाइंग टीम व नगर परिषद अधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
हालु बाजार पतराम गेट स्थित एक मकान में बने गोदाम में मंगलवार शाम चार बजे सीएम फ्लाइंग व नगर परिषद की संयुक्त टीम ने छापा मारा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रामचंद्र भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने घर के अंदर बने गोदाम से भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद की, वहीं गोदाम के मालिक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और उस राशि का मौके पर ही भुगतान भी करा लिया। वहीं गोदाम में मिले 22 बंडल पॉलिथीन जब्त कर लिया, जिसका वजन कराने पर 535 किलोग्राम मिला।
रोहतक सीएम फ्लाइंग दस्ते के सब इंस्पेक्टर कर्मबीर के नेतृत्व में सीआईडी इंचार्ज आजाद सिंह, नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता सुंदर सिंह श्योराण, सफाई निरीक्षक विकास व संजय कुमार ने हालु बाजार क्षेत्र स्थित एक मकान के अंदर छापा मारा। टीम ने आशीष पर प्रतिबंध के बावजूद भारी मात्रा में पॉलिथीन रखने पर 25 हजार रुपये जुर्माना किया। टीम ने जब्त पॉलिथीन को ट्रैक्टर ट्रॉली में डाला और नगर परिषद कार्यालय ले आई। नायब तहसीलदार रामचंद्र ने बताया कि सरकार की हिदायतों के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा पॉलिथीन इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। पॉलिथीन के इस्तेमाल और इसके भंडारण पर भी पूरी तरह से रोक है। वहीं सीआईडी इंचार्ज आजाद सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई है।