आरटीए कार्यालय के बाद सीएम फ्लाइंग ने बुधवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय में औचक निरीक्षण किया। निर्धारित समय पर कोई कर्मचारी हाजिर नहीं मिला। बाद में कर्मचारियों का आगमन शुरू हुआ और 10 बजे तक 23 में से 17 कर्मचारी पहुंचे। चार नियमित और दो अनुबंधित कर्मचारी गैर हाजिर मिले। इसकी पूरी डिटेल मुख्यालय भेजी गई है।
सीआईडी हरियाणा के प्रभारी के निर्देश के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने सीआईडी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। टीम सुबह 08:55 पर कार्यालय पर पहुंची। उस समय तक कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा था। टीम सदस्यों ने यहां रुककर कर्मचारियों का इंतजार शुरू किया। कार्यालय का समय नौ बजे का है। नौ बजे एक-दो कर्मचारी ही पहुंचे। सीएम फ्लाइंग के निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारी एक-एक कर 10 बजे तक आते रहे। भिवानी कार्यालय में कुल 23 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें चार अनुबंध आधार पर लगे हैं। सीएम फ्लाइंग टीम के सदस्य सभी का रिकार्ड अपडेट करते रहे। 10 बजे तक 23 में से 17 कर्मचारी पहुंचे और छह गैर हाजिर रहे। इन छह में से दो कर्मचारी अनुबंध आधार पर लगे थे। एसडीओ भी गैर हाजिर मिले।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा न केवल कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों बल्कि कार्यालय से जुड़े अन्य दस्तावेजों की रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेजी गई है, ताकि सरकारी कार्यालयों में आम जनता को होने वाली परेशानियों को काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करके दूर किया जा सके।
30 दिसंबर को आरटीए कार्यालय में किया था निरीक्षण : सीएम फ्लाइंग की टीम ने 30 दिसंबर को आरटीए कार्यालय में निरीक्षण किया था। जिसमें 18 में से नौ कर्मचारी गैर हाजिर मिले थे। इसकी भी रिपोर्ट भेजी गई थी मगर उस समय सभी कर्मचारियों को अत्यधिक कोहरे के कारण बिना किसी विभागीय कार्रवाई के छोड़ दिया गया था।
कुछ दूरी पर आवास, फिर भी कार्यालय पहुंच रहे लेट : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और आरटीओ दफ्तर में निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि इन दोनों विभागों के काफी कर्मचारी सेक्टर 13, सेक्टर 23 और आसपास की ही कॉलोनियों में रहते हैं। बावजूद इसके लेट पहुंच रहे है।
आज की कार्रवाई में अधिकतर कर्मचारी देरी से पहुंची। कर्मचारी 10 बजे तक भी आए है। एसडीओ भी गैर हाजिर रहे। 23 में से 17 ही कर्मचारी आए, बाकी गैर हाजिर रहे। इसकी सारी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। जिसके आधार पर अनुपस्थित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर दिनेश यादव, इंचार्ज, सीएम फ्लाइंग टीम