फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: नगर परिषद के 287 सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से पूरे शहर में सफाई ठप

Sat, 07 Oct 2023 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विधायक घनश्याम सर्राफ को अपनी मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपते नप सफाई कर्मी। संवाद
विज्ञापन
भिवानी। नगर परिषद के 287 सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। शहर के 31 वार्डों में सफाई नहीं होने के कारण डंपिंग प्वाइंटों तक भी कूड़ा नहीं पहुंच रहा है। वहीं सफाई कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन कर विधायक घनश्याम सर्राफ को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन

करीब डेढ़ साल से पूरे शहर की सफाई का नया मसौदा भी मुख्यालय में ही मंजूरी को लेकर अटका पड़ा है। शहर के कई वार्डों में तो एक भी सफाई कर्मचारी नहीं है। नगर परिषद के शहर को स्वच्छ बनाने के संदेश सिर्फ दीवारों पर ही लिखे हैं, जबकि धरातल पर उनके आगे भी अब कूड़े कचरे के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।

भिवानी नगर परिषद के सफाई कर्मचारी 28 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। नगर परिषद सफाई कर्मचारी समान काम समान वेतन के नियम को लागू किए जाने और पिछला बकाया एरियर दिए जाने की मांग पर अड़े हैं। इसकी वजह से शहर के अंदर नगर परिषद के 130 पक्के और 157 कच्चे कर्मचारियों ने काम छोड़कर हड़ताल शुरू कर दी है। इन कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने की वजह से पूरे शहर के अंदर सफाई का काम ठप पड़ा है।
विज्ञापन

शहर के 31 वार्ड हैं। किसी भी वार्ड में न तो सड़कों की सफाई हो रही है न वार्डों की गलियों में झाड़ू लगाने वाला कोई है। ऐसे में डंपिंग प्वाइंटों तक भी नाममात्र कूड़ा ही पहुंच रहा है। हालांकि शहर में डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने का ठेका कंपनी को दिया है। वहीं डंपिंग प्वाइंटों से डंपिंग यार्ड तक भी कूड़ा उठान का कार्य हो रहा है। मगर सफाई का काम ठप है।
नगर परिषद 2023 स्वच्छता सर्वेक्षण में अगले पायदान पर आने के लिए भी दीवारों पर जागरूकता संदेश लगा रही हैं, मगर धरातल पर उनके आगे ही गंदगी का आलम बना है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। शहर के अंदर कुछ वार्ड तो ऐसे भी हैं, जिनमें कोई भी सफाई कर्मचारी नियुक्त नहीं है। यही वजह है कि करीब डेढ़ साल पहले पूरे शहर की सफाई चार जोन में बांटकर सफाई का प्लान तैयार किया गया था।
पूरे शहर को करीब साढ़े चार सौ किलोमीटर अधिक दायरे में बांटा था, जिनमें छोटी गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक की सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जानी थी और करोड़ों के सफाई मसौदे को तैयार कर मुख्यालय भी भेजा गया, मगर अभी तक न तो उसे मंजूरी मिली है न ही शहर में सफाई हो रही है।





शहर की सड़कों पर उठ रही धूल, सफाई के बिना जमा हुई मिट्टी

शहर के सरकुलर रोड और मुख्य मार्गों पर वाहनों के आवागमन से धूल उड़ रही है। काफी अर्से से सफाई नहीं होने और रेत से भरे ट्रैक्टर ट्राली इन सड़कों पर गुजरने की वजह से काफी मिट्टी सड़कों पर ही जमा हो गई है। इससे राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं वहीं एलर्जी के मरीज भी बढ़ रहे हैं।





कैसे होगी स्वच्छ भिवानी, स्वच्छता को लगा गंदगी का पंच

नगर परिषद कार्यालय से चंद कदम दूर ही स्वच्छता का संदेश दीवारों पर लगाया गया है। जिस पर लिखा है कि भिवानी लगाएगा स्वच्छता का पंच, मगर यहां आगे पड़ी गंदगी को देखकर तो ऐसा लग रहा है कि गंदगी का ही पंच लग गया है। स्वच्छता पंग्चर हो गई है। क्योंकि रेलवे रोड के दोनों तरफ गंदगी पड़ी हैं, जिसकी महीनों से सफाई तक नहीं हुई है।



भिवानी को छोड़कर प्रदेश की करीब सभी नगर परिषद व पालिकाओं में सफाई कर्मचारियों को समान काम समान वेतन मिलना शुरू हो गया है। इस संबंध मं 2017 में न्यायालय के आदेश भी हैं। नगर परिषद भिवानी ने अगस्त 2023 से ये नियम लागू तो कर दिया, मगर न तो बकाया एरियर कर्मचारियों को दिया न कर्मचारियों को इसका अब तक कोई लाभ दिया है। इसी को लेकर नगर परिषद सफाई कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर हैं। मांग पूरी होते ही कर्मचारी काम पर लौट आएंगे।

-पुरुषोत्तम दानव, राज्य सचिव, हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ, भिवानी।





पूरे शहर में सफाई का मसौदा मुख्यालय को भेजा हुआ है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद ही इसके टेंडर कराकर सफाई का काम शुरू कराया जाएगा। नगर परिषद कर्मचारियों की मांगों का भी जल्द समाधान निकाला जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है।
विज्ञापन


-भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद, भिवानी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें