रामकुंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करतीं कांग्रेस विधायक किरण चौधरी। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। भिवानी नगर परिषद में करोड़ों रुपये का बड़ा घोटाला हुआ है, जिसकी जांच होनी चाहिए। इतना बड़ा घोटाला सत्तापक्ष के बड़े नेताओं के संरक्षण के बिना नहीं हो सकता। यह बात पूर्व मंत्री और तोशाम से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद नगर परिषद व नगरपालिकाओं में पार्टी के निशान पर प्रत्याशियों को लड़ाने का फैसला होगा।
किरण चौधरी के साथ आए नंदकिशोर अग्रवाल
वहीं, रामकुंज में हुए कार्यक्रम के दौरान विधायक किरण चौधरी ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण गरीब व अमीर के बीच की खाई गहरी हो गई है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री स्व. सेठ रामभजन अग्रवाल के पुत्र एवं वैश्य समाज के नंदकिशोर अग्रवाल फिर से किरण चौधरी के साथ नजर आए। किरण चौधरी ने कहा कि पूर्वमंत्री रामभजन अग्रवाल के परिवार का उन्हें हमेशा समर्थन मिला है और अब एक बार फिर से इस परिवार के समर्थन के बाद कांग्रेस पार्टी व उन्हें मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश बजट में केवल जनता की जेब काटने की ओर कदम बढ़ाए गए हैं। हाल ही में सरकार द्वारा लागू की गई पीआईडी व प्रोपर्टी आईडी के कारण लोगों को अपनी संपत्ति बचाना व उनकी निजता खतरे में पड़ गई है।