भिवानी। नगर परिषद अब शहरवासियों की जनसमस्याओं का निदान कराने के लिए प्रत्येक वार्ड में खुले दरबार लगाएगा। इसमें साफ सफाई, स्ट्रीट लाइट, जन्म प्रमाण पत्र, पीआईडी जैसी समस्याओं का मौके पर निदान होगा। यह दावा नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने किया है।
भवानी प्रताप ने कहा कि नगर परिषद शहर में बिजली केबल डालकर स्वचलित स्ट्रीट लाइटें लगवाने जा रहा है। जिन पर टाइमर पैनल लगे होंगे। इसके साथ ही प्रत्येक स्ट्रीट लाइट की नंबरिंग भी की जाएगी, ताकि कोई भी लाइट यदि खराब होती है तो उसकी पहचान तुरंत की जा सकें। चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने कहा कि शहर के सौंदर्यकरण के लिए अशोका रोड को बीटीएम चौक तक, घंटाघर से सराय चौपटा तक के माल गोदाम रोड सहित अन्य मार्गों पर नया फुटपाथ बनाया जाएगा। वहीं शहर को चार जोन में बांटकर उसकी सफाई का कार्य शुरू किया गया है।
नगर परिषद की ओर से यह व्यवस्था की गई है कि हर घर के सामने से मोबाइल कचरा गाड़ियों के माध्यम से कूड़े का उठान किया जा रहा है। हर वार्ड में सफाई की व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारियों को नए सिरे से उनकी ड्यूटियां बांटने के साथ ही उनके कार्य का निर्धारण किया गया है, ताकि शहर में कचरे का उचित प्रबंधन कर शहर को सुंदर बनाया जा सकें।