सीटी बस को हरी झंडी दिखाते उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। नागरिकों को अब शहर में एक जगह से दूसरी जगह पर आनेजाने के लिए सिटी बस की सुविधा मिलेगी। शहर में चार साल बाद सिटी बस सेवा फिर से शुरू हो गई है। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने सोमवार को दोपहर बाद ढाई बजे सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने कहा कि सिटी बस सेवा में नागरिकों से महज दस रुपये किराये के रूप में लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दो सिटी बसें रवाना की गई हैं। ये बसें शहर में अलग-अलग रूट पर चलेंगी, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न रहे। इस अवसर पर यातायात प्रबंधक भरत परमार, कर्मशाला प्रबंधक इंद्रजीत सांगवान सहित डिपो के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इन मार्गों पर चलेंगी बसें
रोडवेज जीएम बिजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि सिटी बस सेवा बस स्टैंड से आईटीआई कॉलेज तक जाने वाली बस रोहतक गेट, महम गेट, पुराना बस स्टैंड, लघु सचिवालय परिसर, बासिया भवन होते हुए हांसी रोड पर आईटीआई, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय, महाराजा नीमपाल कॉलेज, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड तक जाएगी। इसी प्रकार से नया बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली बस रोहतक गेट, महम गेट, हांसी गेट, घंटाघर चौक व रेलवे स्टेशन तक होगा।