भिवानी/तोशाम। गारणपुरा मंजीत हत्याकांड में गुप्त सूचना के बाद पिंजोखरा के खेतों में आरोपियों को पकड़ने गई सीआईए टीम पर हमला कर दिया गया। तीन बदमाशों में से एक ने गोली चलाई तो दो ने कुल्हाड़ी से हमला किया। जवाबी कार्रवाई में सीआईए इंचार्ज ने भी गोली चलाई। जिससे एक बदमाश पांव में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पहले तोशाम फिर भिवानी अस्पताल लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कुल्हाड़ी लिए एक अन्य बदमाश को भी काबू किया जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है।
मामला शनिवार रात करीब एक बजे का है। गारणपुरा खुर्द गांव में पांच अगस्त की रात खेतीबाड़ी करने वाले मंजीत नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में शनिवार देर रात सीआईए पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के आरोपी और उसके साथी पिंजोखरा और नलवा के बीच खेतों में है। जिसके बाद सीआईए टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर योगेश हुड्डा के नेतृत्व में वहां पहुंची। जहां तीन बदमाश मिले। एक आरोपी पिस्तौल लिए था तो दो कुल्हाड़ी लिए थे। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए हमलावरों को हथियार नीचे रख अपने आपको पुलिस के हवाले करने की चेतावनी दी मगर बदमाश नहीं माने। पुलिस शिकायत में इंस्पेक्टर योगेश ने बताया कि हमलावर नहीं माने तो हवाई फायर किए। इसके बाद भी नहीं माने तो बचाव में फायरिंग की। एक गोली एक बदमाश के पांव में लगी। गोली लगने वाले युवक की पहचान पिंजोखरा वासी संदीप ढिल्लू के रूप में हुई जबकि पुलिस टीम द्वारा काबू किए गए दूसरे बदमाश की पहचान पिंजोखरा वासी सतपाल कालिया के रूप में हुई, जबकि भागने वाले बदमाश की पहचान कर्मबीर सोनू के रूप में हुई है। बदमाशों को पकड़ने गई सीआईए टीम में एसआई मुरारी लाल, पीएसआई सुमित कमार, ईएसआई मित्रसैन, एएसआई राजेश कुमार, एएसआई रमेश कुमार, एचसी अमित, सिपाही विश्वजीत शामिल रहे।
दो प्राइवेट कारों से पहुंची थी सीआईए टीम
बदमाशों के पिंजोखरा और नलवा के बीच खेतों में छिपे होने की सूचना के बाद उन्हें पकड़ने के लिए सीआईए टीम ने सरकारी गाड़ियों की बजाय प्राइवेट वाहनों का इस्तेमाल किया। दो प्राइवेट गाड़ियों के माध्यम से इंस्पेक्टर योगेश हुड्डा समेत नौ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
खेतीबाड़ी करने वाले मंजीत की हुई थी हत्या
पांच अगस्त की रात को गारणपुरा गांव में खेतीबाड़ी करने वाले युवक मंजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके दो भाई हिसार में रहते हैं जबकि वह अपनी मां के साथ गारणपुरा गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। पुलिस ने मृतक के भाई सुनील की शिकायत पर विकास, विनोद, अंकित व दो-तीन अन्य के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
संदीप ढिल्लू है हत्या मामले में आरोपी, दो का पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड
रात को पुलिस टीम पर हमला करने वाला पिंजोखरा वासी संदीप ढिल्लू गारणपुरा वासी मंजीत की हत्या में आरोपी है जबकि बाकी दोनों आरोपियों का पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है। अभी तक उन पर मारपीट के ही मामले सामने आए हैं।
वर्जन-
सीआईए टीम पर हत्या के आरोपी और उसके साथियों ने हमला किया है। शिकायत पर तीन के खिलाफ हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी काबू कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर संदीप कुमार, एसएचओ तोशाम