भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय विज्ञान सम्मेलन का वीरवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन चरखी दादरी व भिवानी जिले के स्कूली बच्चों ने विज्ञान ड्रामा, विज्ञान मॉडल व पोस्टर मेकिंग स्पर्धा में हिस्सा लिया। इस स्पर्धा में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में बीपीएस स्कूल, विज्ञान स्किट में जी लिट्रा स्कूल व पोस्टर मेकिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चंचल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने की। वहीं बतौर मुख्य अतिथि उद्योगपति धर्मेश शाह एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रो. एसपी खटकड़, प्रो. अनुराम गौड़ ने शिरकत की। कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा, कला और विज्ञान का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि धर्मेश शाह ने अपने पिता के नाम पर फैशन डिजाइनिंग लैब का विश्वविद्यालय परिसर में शुभारंभ किया व पिता नरेश शाह की स्मृति में स्कॉलरशिप देने की घोषणा की। वहीं समापन सत्र से पूर्व दूसरे तकनीकी सत्र में एमडीयू के केमेस्ट्री विभाग के प्रो. एसके खटकड़ ने विश्व में विज्ञान के योगदान पर छात्रों का मार्गदर्शन किया।
वहीं दूसरे वक्ता के रूप में एनएसयूटी नई दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. अनुराग गौड़ ने प्राचीन भारतीय वैज्ञानिकों के बारे में बताया। इस कार्यक्रम की रिपोर्ट डॉ. राहुल त्रिपाठी ने प्रस्तुत की। डीन प्रो. संजीव ने सभी अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
मंच का संचालन डॉ. स्नेहलता व डॉ. सोनल शेखावत ने किया। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रामोतार शर्मा, प्रो. ललिता गुप्ता, प्रो. डीके मदान, डॉ. सुरेश मलिक, प्रो. वीके जैन, प्रो. नितिन बंसल, डॉ. लखा सिंह सहित सभी शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों सहित चरखी दादरी तथा भिवानी जिले के स्कूलों के विद्यार्थी मौजूद रहे।
ये रहे परिणाम
विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में बीपीएस भिवानी ने प्रथम, कॅरिअर पब्लिक स्कूल ने द्वितीय, टीआईटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चंचल ने प्रथम, जनसेवा समिति स्कूल की तनिक्षा ने दूसरा, मेगा माइंड स्कूल तोशाम की मेघना ने तीसरा, एसडी स्कूल ईशरवाल की मुस्कान ने चौथा और आदर्श रिहैबिलिटेशन की तरुणा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। स्किट में जी लिट्रा स्कूल ने प्रथम, मेगा माइंड स्कूल तोशाम ने द्वितीय और बीपीएस भिवानी ने तृतीय स्थान हासिल किया।