फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरु दक्ष महाराज की राज्यस्तरीय जयंती समारोह में मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री : रणबीर गंगवा

Mon, 23 Jun 2025 12:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
मिनी बाईपास पर आयोजित कार्यक्रम को संबो​धित करते केबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा। 
विज्ञापन
भिवानी। प्रदेश के लोकनिर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि 13 जुलाई को मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय गुरु दक्ष प्रजापति महाराज जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कई कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी शिरकत करेंगे।
विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा रविवार को मिनी बाईपास स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा, जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालु भाग लेंगे और गुरु दक्ष महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

संत पूरे समाज के होते हैं पथ प्रदर्शक
कैबिनेट मंत्री गंगवा ने कहा कि संत महापुरुष किसी एक जाति विशेष के नहीं होते, उनका संदेश पूरे समाज के लिए होता है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संतों की जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू की थी, जिसे अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। यह राज्यस्तरीय समारोह शहीद भगत सिंह चौक के पास स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन


भाजपा सरकार कर रही समानता से काम
गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करने में विश्वास रखती है। सरकार सभी वर्गों, विशेषकर वंचित वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। लोकल बॉडी संस्थाओं में बीसी वर्ग को आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य भी भाजपा सरकार ने किया है।

भिवानी के लिए गर्व का विषय: विधायक घनश्याम सर्राफ
विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि यह भिवानीवासियों के लिए गर्व की बात है कि प्रदेशस्तरीय गुरु दक्ष जयंती समारोह का आयोजन भिवानी में हो रहा है। उन्होंने लोगों से समारोह में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि हर वर्ष संत महापुरुषों की जयंती में भिवानी के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और इस बार भी दक्ष जयंती में हजारों की संख्या में उपस्थिति दर्ज होगी। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, सतीश सरोहा, रमेश टाक, शकुंतला प्रधान, बबीता तंवर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें