लोहारू। गांव सिंघानी में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ चरण सिंह की जयंती के मौके पर कृषि मंत्री जेपी दलाल के तत्वावधान में अन्नदाता महासम्मेल हुआ। मुख्यअतिथि सीएम मनोहरलाल ने कहा कि प्रदेश के किसान सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर लखपति, करोड़पति बन रहे हैं। सीएम ने जेपी दलाल की ओर से बहल व लोहारू के बाईपास, लोहारू, बहल व सिवानी में औद्योगिक एरिया बनाने की मांगों को फिजिबिलिटी रिपोर्ट जांचने के बाद पूरा करने की बात कही।
सिंघानी के शहीद स्मारक स्थल स्टेडियम में आयोजित अन्नदाता महासम्मेलन से पूर्व सीएम ने 112 करोड़ की 16 परियोजनाओं की सौगात लोहारू हलके के लोगों को समर्पित की। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश के किसानों को फसल बिक्री का पैसा सीधा खातों में मिल रहा है। सरकार ने बिचौलिया प्रवृति को खत्म करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि मंत्री जेपी दलाल के प्रयासों से अब प्रदेश के किसानों की सुविधा के लिए नैनो यूरिया ड्रोन की शुरुआत की गई है। यहीं नही अब महिलाएं भी खेती का काम आसानी से कर सकेंगी और महिलाएं भी नैनो यूरिया ड्रोन उड़ा रही हैं। जिन्हें ड्रोन दीदी का नाम दिया गया है। किसानों को अब पीठ पर टंकी लेकर घूमने की जरूरत नहीं है। उनके बच्चे ड्रोन से छिड़काव कर आएंगे।
बिप्लब देब ने जेपी दलाल को बताया पानी बाबा
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने सिंघानी की ऐतिहासिक भूमि को प्रणाम किया। उन्हाेंने कहा कि आज अगर कोई कांग्रेसी या अन्य विरोधी दल सिंघानी की तस्वीर देखेगा तो उन्हें पता चल जाएगा कि लोहारू हलके के किसान किसके साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि लोहारू हलके में कृषि मंत्री जेपी दलाल दोबारा, मुख्यमंत्री मनोहरलाल तीसरी बार चंडीगढ़ पहुंचेंगे। जेपी दलाल को पानी बाबा बताते हुए बिप्लब देब ने कहा कि इन्होंने दशकों से सूखी नहरों में पानी पहुंचाकर किसान के खेतों के प्यास बुझाई है।
मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को सिंघानी में 279 लाख रुपये से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लोहारू भवन का उद्घाटन किया। गांव झांझडा-टोडा-श्योराण रेलवे अंडरपास लागत 763.81 लाख रुपये, गांव गोठडा रेलवे अंडरपास की लागत 894.21 लाख रुपये, गांव सोहासड़ा अंडरपास लागत 891.25 लाख रुपये, गांव बरालू का अंडरपास की लागत 792.25 रुपये, लोहारू की नई सब्जी मंडी लागत 751.30 लाख रुपये खर्च होंगे। कुड़ल बास से सिरसली वाया श्याम कला लिंक रोड पर लागत 239.22 लाख रुपये तथा 200.34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गांव कुड़ल से अल्लाउदीनपुर लिंक रोड का शिलान्यास किया। गांव ढाणी लक्ष्मण से कुड़ल लिंक रोड पर लागत 237.55 लाख रुपये, लीलस से सिवानी लिंक पर लागत 340.13 लाख रुपये, गांव बड़वा से रूपाणा लिंक रोड पर 154.27 लाख रुपये, गांव पाथरवाली से भानगढ़ वाया ढाणी शंकर लिंक रोड पर 271.84 लाख रुपये, पपोसा से सिवाना वाया भिवानी हांसी लिंक रोड पर 239.66 लाख रुपये खर्च होंगे। गांव सुई से दांग खुर्द लिंक पर लागता 281.60 लाख रुपये, गांव बहल से भौजान अपटू राजस्थान बार्डर पर 204.10 लाख रुपये, दमकौरा डिस्टीब्यूट्री का नवीनीकरण आरडी 0 से टेल तक की लागत 1239.18 लाख रुपये तथा 1475.01 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली लाडावास डिस्टीब्यूट्री का नवीनीकरण का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया शहीदों को नमन
अन्नदाता महासम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यक्रम स्थल पर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इस दौरान जांगड़ा समाज ने मुख्यमंत्री को किसानी का प्रतीक हल भेंट किया। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान रामकेस जीवन पुरिया, सुरेंद्र गिगनाऊ, कर्ण सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन शुरू करने से पहले भारत माता के जयकारे लगवाकर महिला-पुरुषों में प्रतियोगिता कराई।
इन्होंने किया संबोधित
अन्नदाता महासम्मेलन को विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डीपी वत्स ,रामचंद्र जांगड़ा, सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला, पूर्व विधायक व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र मांढी, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, प्रदेश उपाध्यक्ष ठा. विक्रम सिंह तथा जिला प्रभारी मनीष मित्तल ने भी संबोधित किया।
यह रहे मौजूद....
भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक बिशम्बर वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, मुकेश गौड़, जिला परिषद चेयरपर्सन अनिता मलिक, सीएम के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, हर्षवर्धन मान, शिव परासर, मनदीप डालावास, सुनीता जांगड़ा, संजय जांगड़ा, वरूण श्योराण, सुनील शर्मा डुडीवाला, मुकेश डालमिया, जिला पार्षद विकम जांगड़ा, रविन्द्र मण्ढोली, महेन्द्र सिंह, उग्रसैन बिरड़ा, विजय फोगाट, संजीत सरपंच मौजूद रहे।
रामकुमार गौतम ने जेपी दलाल को कलेजे का टुकड़ा बताकर मांगे वोट
नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने संबोधित करते हुए सीएम को तपस्वी जीव कहा। उन्होंने कहा कि इस एरिया में या तो बंसीलाल ने काम किया या जेपी दलाल ने किए हैं। यह लाडला मेरे कलेजे का टुकड़ा है। ये किसी भेष में आए इसको वोट दे देना। मैं किसी पार्टी के लिए नहीं जेपी दलाल के लिए आया हूं। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल को सीएम बनाने में सबसे अहम भूमिका चौधरी चरण सिंह की थी। अपनी वीटो पावर यूज कर चौधरी चरण सिंह ने देवीलाल को सीएम बनवाया था। बाद में देवीलाल का बेटा चौधरी चरण सिंह के वशंज को हराने के लिए यूपी चला गया था।