तोशाम। गांव किरावड़ निवासी 40 वर्षीय विक्रम सिंह ने गांव के ठेकेदार और उसके सहयोगियों पर अवैध शराब बेचने के शक में मारपीट करने और 8500 रुपये छीनने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह चिकन कॉर्नर पर मौजूद था इस दौरान उस पर साथ लाठी-डंडों से हमला किया गया।
घायल को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में विक्रम सिंह ने बताया कि वह गांव में चिकन कॉर्नर चलाता है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर गांव के तीन लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने पानी की बोतल और खीरा मांगा। इसके बाद वे बाहर चारपाई पर बैठकर शराब पीने लगे।
आरोप है कि करीब 15 मिनट बाद वहां एक बोलेरो गाड़ी में ठेकेदार और उसके सहयोगी पहुंचे। आते ही उन्होंने चिकन कॉर्नर की तलाशी ली और अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उसकी दुकान और जेब से करीब 8500 रुपये निकालकर ले गए। घायल को पहले तोशाम के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे भिवानी रेफर कर दिया।