बिजली चोरी में कमी आने से अब लोगों को ज्यादा बिजली मिल सकेगी। फिलहाल शहर का लाइन लॉस 55 से घटकर 27 प्रतिशत पहुंचने से बिजली निगम दस शहरी फीडरों में से आठ पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति करेगा। 30 प्रतिशत लाइन लोस वाले केवल दो फीडरों पर ही दो घंटे के पावर कट लगाए जाएंगे। इस संबंध में डीसी विजय कुमार सिदप्पा के निर्देश मिलने के बाद निगम के अधिकारियों ने बुधवार को ही इस योजना को लागू कर दिया। हालांकि दो फीडरों पर पावर कट होने से 24 से अधिक कॉलोनियों के लोगों को थोड़ी तकलीफें अभी उठानी पड़ेगी।
इन दोनों फीडरों का लाइन लॉस अभी भी 30 प्रतिशत से ऊपर है। वहीं, अगर शहर के ओवरऑल लाइन लॉस की बात करें तो इसमें 28 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है। लाइन लॉस में कमी आते ही निगम ने अब डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिजली निगम का शहर को 24 घंटे बिजली देने का शेड्यूल बुधवार से ही शुरू हो गया। अब आपात स्थिति में ही फीडरों पर पावर कट लगाए जाएंगे। वहीं, ग्रामीण इलाकों में पुराने शेड्यूल के मुताबिक ही बिजली आपूर्ति जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार करीब एक साल पहले शहर का बिजली लाइन लॉस 55 प्रतिशत और गांवों में 70 फीसदी से अधिक था। इसे देखते हुए उच्चाधिकारियों के आदेशों पर स्थानीय अधिकारियों ने अप्रैल माह से पावर कट लगाने की प्लानिंग तैयार की थी। इसके तहत फीडर के लाइन लॉस के मुताबिक 20 प्रतिशत से कम लाइन लॉस वाले फीडर पर जहां निगम अधिकारी 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का तर्क दे रहे थे तो वहीं, 50 प्रतिशत से अधिक लाइन लॉस वाले फीडर पर आठ घंटे तक के पावर कट लगाए जा रहे थे।
निगम अधिकारियों मुताबिक करीब सवा माह में इन पावर कटों ने लाइन लॉस को काफी कम कर दिया है। शहर का फिलहाल लाइन लॉस 55 से कम होकर 27 प्रतिशत पहुंच गया है। करीब दो सप्ताह पूर्व ही निगम अधिकारियों ने फीडरों के लाइन लॉस में गिरावट आने पर पावर कट आठ घंटे के बजाय चार घंटे के लगाने का प्रावधान किया था। इसके बाद निगम ने इसमें और भी कटौती की है। अब निगम शहरी दस फीडरों में से आठ पर 24 घंटे बिजली सप्लाई छोड़ेगा। हालांकि जीरो पावर कट के समय ही इन फीडरों की बत्ती गुल होने का तर्क भी निगम के अधिकारी दे रहे हैं। वहीं, गांवों को निगम की नई योजना से कोई खास फायदा नहीं होगा। गांवों में लाइन लॉस अब भी करीब 70 फीसदी है और यहां 24 घंटे में से 13 घंटे ही बिजली सप्लाई छोड़ी जा रही है। इससे पहले गांवों में 12 घंटे बिजली सप्लाई छोड़ी जा रही थी, जिसे निगम अधिकारियों ने बढ़ाकर 13 घंटे कुछ दिन पहले ही किया है। निगम की इस नई प्लानिंग से शहरी बिजली उपभोक्ताओं को भी राहत की सांस मिलेगी।
इन कॉलोनियों व क्षेत्रों को मिलेगी 22 घंटे बिजली सप्लाई
निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर के दो फीडर ऐसे हैं जिन पर लाइन लॉस अभी भी 30 फीसदी से उपर है। इनमें दादरी सिटी व दादरी अर्बन शामिल है। इन फीडरों पर 24 घंटे में से महज दो घंटे ही पावर कट लगाए जाएंगे। एसडीओ विक्रम परमार ने बताया कि इन फीडरों पर नए शेड्यूल के मुताबिक सुबह सात से आठ व शाम को सात से 11 बजे के बीच किसी भी समय एक घंटे का पावर कट लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाकी सभी फीडरों पर 24 घंटे बिजली सप्लाई छोड़ी जाएगी। निगम एसडीओ ने बताया कि दादरी सिटी फीडर पर पड़ने वाली विद्या विहार कॉलोनी, मैन बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, गांधी नगर, प्रेम नगर, पुराना झज्जर रोड, स्टेडियम रोड तथा दादरी अर्बन के अधीन आने वाले चरखी गेट, बधवाना गेट, सिविल अस्पताल के बैक साइड, झाडू सिंह चौक व झज्जर घाटी क्षेत्र में दो घंटे के पावर कट लगाए जाएंगें।
शहर के किस फीडर पर फिलहाल कितना है लाइन लॉस
फीडर अब लाइन लॉस पावर कट
वाटर वर्क्स 5.03 प्रतिशत कोई पावर कट नहीं
चिड़िया रोड इंडस्ट्री 6.63 कोई पावर कट नहीं लगेगा
हीरा चौक फीडर 29.92 कोई पावर कट नहीं लगेगा
महेंद्रगढ़ रोड फीडर 24.07 कोई पावर कट नहीं लगेगा
घिकाड़ा रोड फीडर 25.91 कोई पावर कट नहीं लगेगा
दादरी सिटी फीडर 31.91 दो घंटे का पावर कट लगेगा
बस स्टैंड फीडर 26.92 कोई पावर कट नहीं लगेगा
दादरी अर्बन फीडर 34.14 दो घंटे का पावर कट लगेगा
चिड़िया रोड-एक 26.01 कोई पावर कट नहीं लगेगा
एक माह में पकड़ी 202 चोरी, 43 लाख जुर्माना
अगर मई माह की बात करें तो बिजली निगम की टीमों 202 बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं। इन उपभोक्ताओं पर करीब 43.84 लाख जुर्माना ठोंका गया। इस जुर्माना राशि में से 20 लाख निगम के खजाने में जमा हो चुकी है। वहीं निगम की मई माह से पहले करीब चार करोड़ की डिफॉल्टिंग अमाउंट पेंडिंग थी। निगम की सरचार्ज माफी योजना का 873 उपभोक्ताओं ने एक माह में लाभ उठाते हुए 1.05 करोड़ रुपये की राशि निगम कार्यालय में जमा करवाई। इन उपभोक्ताओं का करीब ढाई करोड़ का सरचार्ज माफ किया गया और 45 लाख रुपये अभी भी बकाया चल रहे हैं। इसके अलावा वीडीएस(वॉलंटियर्स डिस्कलोजर स्कीम) का 23 उपभोक्ताओं ने लाभ उठाते हुए 90 हजार की राशि बकाया बिल या अन्य किसी चार्ज की एवज में जमा करवाई है।
शहर के आठ फीडरों अब 24 घंटे बिजली सप्लाई छोड़ी जा रही है जबकि 30 प्रतिशत लाइन लॉस से उपर वाले दादरी अर्बन व सिटी फीडरों पर 22 घंटे बिजली सप्लाई की जाएगी। कोई फाल्ट आने या लाइन ट्रिप करने पर ही बिजली गुल होगी वरना शेड्यूल के मुताबिक पूरी बिजली सप्लाई उपभोक्ताओं को मिलेगी।डीसी साह्ब ने भी इस संबंध में हमारे उच्चाधिकारी को निर्देश दिए हैं।
भागीरथ सिंह, एक्सईएन बिजली निगम