भिवानी। नगर परिषद से हटाये गए 150 ठेका कर्मचारियों ने नारेबाजी कर रोष जताया। वहीं चेयरपर्सन ने उन्हें 10 दिन में फिर से काम देने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि उनके साथ वादाखिलाफी हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
नगर परिषद से हटाए गए ठेका सफाई कर्मचारियों को वापिस लेने, उन्हें पे-रोल की सुविधाएं देने, समान काम-समान वेतन, कोरोना से मरने वाले सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने आदि मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी आंदोलनरत है। वीरवार को हड़ताल नगर परिषद चेयरपर्सन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है। जिसके बाद कर्मचारियों ने 23 सितंबर से सफाई कार्य पर लौटने की बात कही।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष पूनमचंद रत्ती व पूर्व उपाध्यक्ष अशोक बोहत ने कहा कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी दो दिनों से हड़ताल पर थे और वीरवार को उन्होंने शहर में प्रदर्शन कर अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से शहरी स्थानीय निकाय विभाग मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के नाम आंदोलन एवं हड़ताल का नोटिस भी सौंपा था। जिसके बाद नप चेयरपर्सन ने उनसे मुलाकात कर आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह में ठेका पर लगे सफाई कर्मचारियों को फिर से नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा अन्य मांगों बारे भी सरकार को अवगत करवाया जाएगा तथा जल्द से जल्द अन्य मांगें भी पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चेयरपर्सन के आश्वासन के बाद उन्होंने अपनी हड़ताल समाप्त कर ली और वे 23 सितंबर से फिर से अपने कार्य पर लौटेंगे। इस अवसर पर सुरेश कुमार, कुलबीर, तेजपाल, मनीष, जोनी, दारा, सुभाष, प्रेम, विक्की, शेर सिंह, शीतल बागड़ी, सुनील, विनोद, रविंद्र, कमला, मनीषा आदि कर्मचारी मौजूद रहे।