लोहारू। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं सिविल सर्जन ने रिकार्ड की जांच की और कहा कि उपचार के लिए आने वाले सभी मरीजों को सरकार व विभाग की सभी उपलब्ध सुविधाएं दी जाएं। कार्य में कोताही किसी भी सूरत में सहन नही की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ शालीनता पूर्वक व्यवहार किया जाए। उन्होंने डेंगू व मलेरिया के प्रकोप को देखते हुए निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपने अपने क्षेत्र में ग्राम सचिव से मिलकर गांव में फॉगिंग करवाए। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन विभाग, ओपीडी, लैब, मेडिसीन स्टोर, इंडोर विभाग, प्रसूति विभाग, जनरल स्टोर सहित सभी विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन ने कहा कि स्टाफ सदस्यों की लेट लतीफी किसी भी सूरत में सहन नही की जाएगी। इससे पहले उन्होंने ऐसे कई कर्मचारियों को फटकार भी लगाई और कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी ड्रेस में अनिवार्य रूप से हो। डॉ. गौरव चतुर्वेदी ने सिविल सर्जन को अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उप सिविल सर्जन डा. अनिता कत्याल, डा. कल्पना चतुर्वेदी, डा. ओपी डूडी, डा. संदीप, स्टोर प्रभारी अमित वालिया, मुख्य फार्मेसी अधिकारी जय सिंह सैनी आदि उपस्थित रहे।