चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय का भवन।
भिवानी। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) ने सत्रीय व आंतरिक मूल्यांकन में कमी के कारण किसी विषय में री-अपीयर विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की पात्रता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
यह विशेष परीक्षा विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विद्यार्थियों के व्यापक शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए मंजूर की है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. पवन गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों के विद्यार्थी आंतरिक परीक्षाओं में असफल होने के कारण आगे दाखिला नहीं ले पा रहे थे और न ही परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण पत्र प्राप्त कर पा रहे थे। विद्यार्थियों के हित में विश्वविद्यालय ने यह विशेष फैसला लिया है।
विशेष परीक्षा में अंक सुधार का मौका नहीं
विशेष सत्रीय व आंतरिक परीक्षा संबंधित विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग, महाविद्यालय या संस्थान की ओर से पात्र विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा अंकों में सुधार के लिए नहीं होगी। विद्यार्थी विशेष परीक्षा में इससे अधिक अंक प्राप्त करता है तो भी अंतिम परिणाम में उत्तीर्ण होने के लिए आवश्यक अंक ही मान्य होंगे। इस विशेष अवसर का लाभ लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय के खाते में जमा करना होगा।
संबंधित विभाग, महाविद्यालय या संस्थान को परीक्षा आयोजित कर पांच अक्तूबर तक परिणाम शाखा में अंक प्रेषित करना अनिवार्य होगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. पवन ने कहा कि विश्वविद्यालय के इस फैसले से सैकड़ों विद्यार्थियों के लंबित मामलों का भी निपटारा हो जाएगा।