भिवानी। सेक्टर 13 मोड़ पर शिक्षा बोर्ड के पास तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में सीबीएलयू की महिला प्रोफेसर को गंभीर चोटें आईं। इसे इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं पुलिस ने इस संबंध में आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज किया है।
सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में गांव संगतपुरा कैथल हाल सेक्टर 23 में किरायेदार डॉ. गोल्डी ने बताया कि वह सीबीएलयू में सहायक प्रोफेसर तैनात हैं। गत 27 फरवरी को अपनी बेटी सात वर्षीय गुंजन के साथ बाइक पर बैठकर सेक्टर 23 से यूनिवर्सिटी जा रही थी। सेक्टर 13 चौक से आगे शिक्षा बोर्ड के समीप सामने से एक बाइक चालक ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
इस सड़क हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। सड़क हादसे की जानकारी उसके पति डॉ. जोगीराम को दी गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने महिला प्रोफेसर के बयान दर्ज कर इस संबंध में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।