गांव सागवान के राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला में जांच करते सीबीआई अधिकारी।
तोशाम (भिवानी) । पूरे प्रदेश में मिड-डे मील और फर्जी दाखिलों के घोटाले की जांच के तहत बुधवार को सीबीआई की टीम भिवानी जिले के तोशाम खंड के गांव सागवान और रोढा के राजकीय विद्यालयों में पहुंची। टीम ने दोनों विद्यालयों का निरीक्षण किया और करीब दस साल पुराने रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।
सूत्रों के अनुसार वर्ष 2014-15 और 2015-16 के शैक्षणिक सत्रों में राजकीय विद्यालयों में छात्रों के फर्जी दाखिले और मिड-डे मील में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों पर प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच के तहत बुधवार सुबह करीब 11 बजे सीबीआई टीम गांव सागवान के राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला पहुंची और देर शाम तक रिकॉर्ड खंगालती रही।
टीम ने सागवान और रोढा गांव के दोनों राजकीय विद्यालयों में अध्यापकों से पूछताछ की और बच्चों से भी जानकारी ली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोढा में 77 बच्चों से पूछताछ की गई जबकि सागवान के राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला में 40 बच्चों से मिड-डे मील वितरण से जुड़ी जानकारी ली गई।
सीबीआई की टीम ने दोनों स्कूलों में लगभग सात घंटे तक जांच की। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2014-15 और 2015-16 में राजकीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई थी। इसी को लेकर सीबीआई की टीम प्रदेशभर के स्कूलों में जाकर रिकॉर्ड की जांच कर रही है। तोशाम खंड में भी यही जांच प्रक्रिया राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला सागवान और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोढा में की गई। इसके लिए विद्यालयों के मुखियाओं को पहले से सूचित कर दिया गया था कि वे दोनों वर्षों का पूरा रिकॉर्ड तैयार रखें।