भिवानी। मनीषा मौत के मामले में सीबीआई के अधिकारी भिवानी रेस्ट हाउस के बंद कमरे में जांच में जुटे हुए हैं और मौत की कड़ियों को जोड़ने में लगे हैं। दिल्ली एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के क्या निष्कर्ष हैं इस बारे में मनीषा के परिजन अभी तक अनजान हैं। सीबीआई की टीम पिछले 15 दिनों से मनीषा मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
तीन सितंबर से अधिकारी मौके का मुआयना करने और सभी गवाहों से कई बार पूछताछ करने के बाद अब रेस्ट हाउस के बंद कमरे में सबूतों, गवाहों के बयान और जुटाए गए तथ्यों को आपस में जोड़कर जांच कर रहे हैं। दिल्ली एम्स की तीसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संबंध में मनीषा के पिता संजय को अब तक यह नहीं पता कि विशेषज्ञों ने इसमें क्या निष्कर्ष दिए हैं। मनीषा की मौत अब भी हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है।
मनीषा 11 अगस्त से लापता थी और 13 अगस्त को सिंघानी नहर के पास उसका शव मिला। पूरे प्रदेश में इस घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। भिवानी पुलिस से मामला सीबीआई के हाथों में गया और पिछले चार दिनों से अधिकारी इलाके में सक्रिय नहीं दिख रहे हैं क्योंकि वे पूरी तरह रेस्ट हाउस के बंद कमरे में जांच में व्यस्त हैं।