ढिगावामंडी (भिवानी)। गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा मौत मामले में 14 अगस्त को बड़ा खुलासा हो सकता है। मृतका मनीषा के पिता संजय ने सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी है।
पिता संजय ने बताया कि 14 जुलाई को उनकी पांच सदस्यीय समिति की सीबीआई के पुलिस अधीक्षक और पुलिस उप अधीक्षक के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक में करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा चली थी।
सीबीआई अधिकारियों ने जांच पूरी करने के लिए 20 दिन का समय मांगा था। संजय ने कहा कि सीबीआई अभी मेडिकल रिपोर्ट और कॉलेज की सीसीटीवी जांच में जुटी है। सीबीआई ने आश्वासन दिया है कि 14 अगस्त को कोर्ट में जांच रिपोर्ट पेश की जाएगी।
उसी दिन अब तक की जांच के तथ्य लोगों के सामने आएंगे। ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय मनीषा 11 अगस्त 2025 को घर से एक निजी स्कूल में पढ़ाने निकली थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह लापता हो गई थी। 13 अगस्त 2025 को पड़ोसी गांव सिंघानी की नहर किनारे उसका शव मिला था। इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था।
मनीषा का शव मिलने के बाद बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठी थी। लगातार पंचायतें और आंदोलन हुए थे। परिवार और पंचायतों के दबाव के बाद सरकार ने यह मामला सीबीआई को सौंपा था।
हालांकि सीबीआई पर जांच ढीली करने के आरोप लगते रहे थे। 29 जून को पिता संजय ने अनशन की घोषणा की थी। इसके बाद भिवानी जिला पुलिस कप्तान सुमित कुमार ने उन्हें सीबीआई टीम से मिलवाने का आश्वासन दिया था।