मनीषा की मौत के मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई टीम लगातार 17 दिन से जांच में जुटी हुई है। शुक्रवार सवा बजे सीबीआई की टीम ढिगावामंडी स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक पहुंची। बैंक अधिकारियों से बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के संबंध में भी पूछताछ की गई। शाम करीब 5:20 बजे सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ढाणी लक्ष्मण में मनीषा के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से दो घंटे तक पूछताछ की। सीबीआई की टीम करीब शाम 7:20 बजे मनीषा के घर से लौटी।
तीन सितंबर से जांच कर रही है सीबीआई टीम
सीबीआई की टीम तीन सितंबर से लगातार मनीषा की मौत के मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। गवाहों से पूछताछ में टीम उन सवालों को बार-बार दोहरा रही है जो लिखित बयानों में पहले दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा घटनास्थल पर भी दिल्ली की फॉरेंसिक टीम के साथ विस्तृत जांच की जा चुकी है। शुक्रवार को फिर सीबीआई के दो सदस्य गाड़ी में बैठे रहे, जबकि दो सदस्य बैंक में जाकर शाखा के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर रहे थे। टीम ने मनीषा के परिवार के सदस्यों से केस के संबंध में विस्तृत पूछताछ की।
30 से अधिक लोगों से हो चुकी है पूछताछ
मनीषा के शव के तीन बार पोस्टमार्टम कराए गए। सीबीआई ने करीब 30 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। फिर भी 17 दिन बीत जाने के बाद कोई ठोस सबूत सीबीआई के हाथ नहीं लगा है। 11 अगस्त से लापता मनीषा का शव 13 अगस्त को मिला था। मामले की जांच में सीबीआई टीम तीन सितंबर से जुटी है। मनीषा की तीसरी पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स की रिपोर्ट पर भी अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। मामले में गुत्थी सुलझाने का दबाव सीबीआई अधिकारियों पर स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: Rohtak: काहनी के रविंद्र का पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार, दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग का था आरोपी