भिवानी। जिले में तीन अलग-अलग जगह चोरी होने के मामले सामने आए हैं। यहां से चोर करीब 13 लाख रुपये के आभूषण और करीब छह लाख रुपये की नकदी ले गए। इस मामले में पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर संबंधित थानाओं में चोरी व अन्य संबंधित धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कायला निवासी राजेंद्र ने बताया कि उसका भाई सत्यवीर अपने बच्चों के साथ बहादुरगढ़ में रहता है। गांव में उसके भाई का मकान भी है। जोकि कई दिनों से बंद है। जब मकान को संभाला तो उसके अंदर रखे आभूषण और नकदी नहीं मिली। चोर घर से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, आठ ग्राम सोने से बने आभूषण, कुकर मशीन और अन्य सामान ले गए।
वहीं, शहर में विजय नगर निवासी महिला उर्मिला ने बताया कि वह अपनी बहन के घर दिल्ली गई हुई थी। गत 16 जून को जब वह अपने घर पर आई तो उसके घर के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। उसके घर से चोर करीब 22 तोला सोने के आभूषण और पांच लाख 18 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर घर में रखे कैमरे, घड़ी और अन्य सामान भी चोरी कर ले गए।
वहीं गांव चांग निवासी नरेंद्र ने बताया कि रविवार रात को वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहा था। जब वह पेशाब करने के लिए उठा तो उसे आंगन की तरफ से शोर सुनाई दिया। जब वह आंगन में गया तो उसको गांव चांग निवासी कर्मबीर दिखाई दिया जो उसे देखते ही घर की दीवार फांदकर भाग गया।
इन मामलाें की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की और शिकायतों के आधार पर संबंधित थानाओं में केस दर्ज कर लिया है। संबंधित पुलिस जांच अधिकारियों का कहना है कि चोर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।