करीब एक माह पहले शहर के पंजाब नेशनल बैंक के सामने से एक मोटरसाइकिल सवार के बैग से 2 लाख 80 हजार रुपयों से भरा थैला चोरी करने वाले आरेापित बालक को लोहारू थाना पुलिस ने हिसार के बाल सुधार गृह से प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपित बालक को घटना स्थल की निशानदेही कराई। पुलिस के अनुसार आरोपित बालक ने 2.80 लाख रुपये की चोरी की बात कबूली है। हालांकि अब तक इस बालक के साथ चोरी की वारदातों में शामिल उसके पिता, चाचा व गाड़ी का चालक पुलिस के शिकंजे से दूर हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि लोहारू में पंजाब नेशनल बैंक के सामने गत 14 सितंबर को एक बालक द्वारा चलती मोटरसाइकिल के बैग से 2 लाख 80 हजार रुपये की राशि चोरी की गई थी तथा पुलिस ने पीड़ित सेहर निवासी अशोक की शिकायत पर केस भी दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस को घटना की सीसी टीवी फुटेज हासिल हुई थी। जांच अधिकारी गिरीराज ने बताया कि लोहारू में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले बालक ने पिछले दिनों जींद के एक बैंक से भी लाखों रुपयों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिस पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए आरोपित बालक को राजस्थान राज्य के एक शहर से काबू कर लिया था। मामले की जांच में सामने आया कि उसी बालक ने ही लोहारू की घटना को अंजाम दिया था। उक्त आरोपित बालक को पुलिस ने प्रोडक्श वारंट पर हिरासत में लिया था और शुक्रवार को आरेापित बालक से निशानदेही कराई गई। जांच अधिकारी ने बताया कि बालक ने लोहारू पीएनबी के सामने से मोटरसाइकिल के बैग से 2 लाख 80 हजार रुपये की चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूली है।
आरोपित बालक के पिता सहित तीन अन्य भी शमिल हैं वारदात में
जांच अधिकारी गिरीराज ने बताया कि यह चार सदस्यों का गिरोह बताया जाता है। अभी पुलिस के हत्थे बालक ही चढ़ा है। जबकि आरोपित बालक का पिता मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला निवासी विकास, चालक मोनू और एक किशन नामक व्यक्ति और बताया जाता है। ये तीनों अभी पुलिस की गिरत से बाहर हैं। बहरहाल आरोपित बालक को प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और घटना स्थल की निशानदेही कराई गई है।
क्या थी वारदात
जानकारी के अनुसार गांव सेहर के एक अशोक कुमार 14 सितंबर को अपने पिता के साथ पीएनबी बैंक आया था और तीन लाख रुपये निकलवाए थे। जिनमें से 20 हजार रुपये उसके पिता जी रामचंद्र ने रख लिए थे और बाकी 2 लाख 80 हजार रुपये को अशोक मोटरसाइकिल के बैग में रखकर घर चला गया था। जब धर जाकर देखा तो मोटरसाइकिल के बैग में रुपये गायब थे। जब वापिस लौटकर बैंक पास लगे सीसी टीवी कैमरे खंगाले तो चलती मोटरसाइकिल के बैग से एक बच्चा रुपयों का थैला निकालते हुए दिखाई दे रहा था। जिस पर पुलिस ने आरोपित अज्ञात बालक के खिलाफ केस दर्ज किया था।