भिवानी। न्यायालय में इस्तगासा दायर करने के बाद पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई और आरोपी व्यक्ति के खिलाफ औद्योगिक पुलिस थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस के जांच अधिकारी ने झूठी रिपोर्ट तैयार कर आरोपी रिश्तेदार को बचाने का प्रयास किया वहीं पीड़ित द्वारा पुलिस विभाग से मांगी गई आरटीआई के बाद पुलिस वाले का राज खुल गया।
न्यू भारत नगर कॉलोनी निवासी 49 वर्षीय मीनू गौड ने बताया कि आठ मार्च 2024 की दोपहर दो बजे वह अपने घर पर घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान उनके घर के पास ही रहने वाला सत्यनारायण वहां आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
उसके पति को देख लेने और उन दोनों के हाथ पैर तुड़वा देने की धमकी दी। महिला ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई। लेकिन पुलिस पहुंचते ही आरोपी वहां से भाग गया। आरोपी ने इसके बाद उसे व उसके पति पवन गौड़ को जान से मारने की धमकी दी। जिसकी लिखित शिकायत आठ मार्च को औद्योगिक पुलिस थाना में दी गई।
शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक को 12 मार्च को शिकायत दी। राष्ट्रीय महिला आयोग को भी शिकायत भेजी गई।