नागरिक अस्पताल में विलाप करते मृतक के परिजन।
भिवानी। शादी समारोह से रोटी बनाकर शनिवार देर रात जिला जेल के पास ऑटो से लौट रहे प्रवासियों को एक क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो ने दो से तीन बार पलटी खाई। हादसे के वक्त ऑटो में पांच लोग सवार थे। हादसे में ऑटो में सवार एक प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के पिता गंगाराम ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे में था। उसने ऑटो को टक्कर मारने के बाद एक बार गाड़ी पीछे कर ऑटो से गिरे दो लोगों पर दोबारा चढ़ा दी। इससे रोशन की मौत हो गई। एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी याददाश्त चली गई। वहीं एक व्यक्ति का पैर टूट गया। परिजनों ने बताया मृतक रोशन की ढाई साल पहले शादी हुई थी। उसकी 8-10 माह की एक बच्ची है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले कुछ परिवार जगत कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। ये लोग शादियों में खाना बनाने का काम करते हैं। शनिवार रात जिला जेल के पास आरएस होटल से शादी समारोह खत्म होने पर एक ऑटो से घर आ रहे थे। तभी एक क्रेटा कार ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो दो तीन पलटी खाई।
इससे ऑटो में सवार पांच लोगों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जांच कर रहे सदर थाना एएसआई धर्मसिंह ने बताया कि ऑटो को टक्कर मारने वाली गाड़ी का नंबर पता चल गया है। हादसे में रोशन की मौत हो गई है। वहीं अमित, सोनू व सूरज को चोटें आई हैं। मृतक के पिता की शिकायत पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।