संवाद न्यूज एजेंसी
बहल। डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने हिसार से मादक पदार्थ हेरोइन लेकर आ रहे कार चालक जयदेव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से होंडा गाड़ी कब्जे में लेकर 9 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने उसे न्यायालय से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के एएसआई कश्मीर सिंह 10 सितंबर को अपनी टीम के साथ गश्त एवं अपराध पड़ताल ड्यूटी पर ओबरा चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति होंडा गाड़ी में मादक पदार्थ लेकर ओबरा की तरफ आ रहा है।
पुलिस ने ढाणी शहरयारपुर के नजदीक पहुंचकर नाकाबंदी की और सूचना के आधार पर एक होंडा गाड़ी को रुकवाया। नियमानुसार तलाशी लेने पर गाड़ी चालक जयदेव निवासी बडदू धीरजा के कब्जे से 9 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की होंडा गाड़ी को भी पुलिस कब्जे में ले लिया।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बहल में प्राथमिकी दर्ज हुई। गिरफ्तार आरोपी जयदेव को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जहां से न्यायालय ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है तथा यह मादक पदार्थ हिसार से खरीदकर लेकर आया था।
पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस द्वारा रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।