बड़दू गांव के समीप एक कार ड्राइवर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए हिसार के अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बैराण गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह अपने भाई के साथ बाइक पर अपने खेत में जा रहे थे। बाइक उसका भाई किशनलाल चला रहा था जबकि वह उसके पीछे बैठा था। जब वे खेत के कच्चे रास्ते के समीप पहुंचे तो सामने से एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी जिसका चालक कार को तेज गति व गफलत से चला रहा था। कार को देखकर वह तो बाइक से कूद गया जबकि कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक कार के साथ घसीटती हुई करीब आठ से 10 मीटर तक चली गई। जब उसने शोर मचाया तो कार चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। उससे सूचना देकर अपने परिजनों को बुलाया व गाड़ी का इंतजाम कर मेरे भाई को हम हिसार अस्पताल लेकर गए जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।