भिवानी। हनुमान गेट पर सड़क पार कर रहे दस वर्षीय लड़के को कार ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में लड़के को गंभीर हालत में परिजन पहले एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना सिटी पुलिस थाना से जांच अधिकारी ने हिसार पहुंचकर शव कब्जे में लिया और उसका पोस्टमार्टम कराया। मृतक के ताऊ के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस को दिए बयान में हनुमान गेट जोगपाल गली वासी 42 वर्षीय मनोज ने बताया कि वह प्राइवेट सेक्टर में काम करता है। वे दो भाई हैं। बड़ा वह है और उसका छोटा भाई कुलदीप दिमागी तौर पर परेशान है जो घर पर ही रहता है। जिसका इलाज भी चल रहा है। उसके छोटे भाई कुलदीप का 10 वर्षीय लड़का आदी सात जून की शाम करीब सात बजे सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने उसके भतीजे को टक्कर मार दी। कार उसके सीने के ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सिटी पुलिस के जांच अधिकारी मुख्य सिपाही अनिल ने शव का हिसार में पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक के ताऊ की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।