भिवानी। चार दिसंबर को मालगोदाम रोड पर दो व्यापारी भाइयों से 35 लाख की लूट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवा व्यापारियों, विभिन्न संगठनों, युवाओं, नगर पार्षदों ने कैंडल मार्च निकाला।
शुक्रवार सायं करीब पांच बजे ही युवा व्यापार संगठन के सदस्य, नगर पार्षद व छात्र संघर्ष समिति के सदस्य भगनपुरी मार्केट में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। देर शाम सभी ने बाजारों में कैंडल मार्च निकालकर घटना की निंदा की और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। आधा दर्जन नगर पार्षदों ने भी प्रदर्शनकारी छात्रों व युवा व्यापारियों को समर्थन दिया और विरोध जुलूस में शामिल हुए।
प्रधान कमल सिंह, नगर परिषद के पूर्व प्रधान विजय पंचगंाव, कुंवर बीर सिंह ने कहा कि आठ दिन बीत जाने के बावजूद लुटेरे गिरफ्तार नहीं हुए है, जिससे व्यापारियों में रोष का माहौल है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के भीतर भी लुटेरे नहीं पकड़े गए तो युवा वर्ग व छात्र शहर के व्यापारियों के साथ मिलकर सड़क पर आंदोलन करेंगे। पार्षद अनिल काठपालिया, विजय शांडिल्य, निरंजन वाल्मीकि, पूर्णचंद आजाद ने व्यापारियों को पूर्ण समर्थन की घोषणा की और कहा कि नगर पार्षद पूरी तरह शहर के व्यापारियों के साथ है। उन्होंने पुलिस से लुटेरों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग भी की। कैंडल मार्च में कमल सिंह प्रधान, बलवान सिंह, कुलदीप प्रधान, मुकेश सोनी, युद्धवीर चेयरमैन, योगेश शर्मा, दलबीर उमरा, मोनू नहरा, लारा, देशमुख, ओमप्रकाश महता, विकास पराशर, भरत शर्मा, अमन गुप्ता, पार्षद निरजंन वाल्मीकि, पार्षद बृजलाल जोगी आदि शामिल रहे।
वर्जन:::
व्यापारियों से लूट मामले की जांच अब हिसार क्राइम ब्रांच टीम कर रही है। जिला पुलिस के पास अब इस मामले की तफ्तीश नहीं है।
प्रतीक्षा गोदारा, पुलिस अधीक्षक