जूई। जूई गांव में केबल बॉक्स जलने के कारण पिछले 12 घंटों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले से ही रसोई गैस की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों के लिए अब बिजली संकट ने मुश्किलें अधिक बढ़ा दी।
जूई बिजलीघर में लगे केबल बॉक्स में तकनीकी खराबी के चलते आग लग गई, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना के बाद पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। रातभर बिजली नहीं होने से लोगों को गर्मी, पेयजल और घरेलू कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारी केबल बॉक्स रखरखाव में लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते उचित देखभाल की जाती तो यह समस्या नहीं आती। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खराबी को दूर करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही केबल बॉक्स को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।