भिवानी। जिले के नंदगांव स्थित एक बंद मकान में चोर हजारों रुपयों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर ले गए। चोरी की वारदात की जानकारी घर पहुंचने के बाद बीएसएफ के जवान की पत्नी और बेटे को लगी। जिसके बाद सदर पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।
सदर पुलिस को दी शिकायत में नंदगांव वासी पंकज ने बताया कि वह एमडीयू रोहतक में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता सुनील कुमार बीएसएफ छावला कैंप दिल्ली में तैनात हैं। उनका गांव में मकान बंद है। पंकज ने बताया कि उनके पिता के दोस्त की पत्नी का अचानक निधन हो गया। जिसकी वजह से वह अपनी मां के साथ गांव में आया था। घर पहुंचा तो उनके मकान एक गेट का ताला टूटा मिला। जिसके बाद डायल 112 पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पंकज ने बताया कि चोर घर से 10 तोले सोने के आभूषण व करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषणों के अलावा 51 सूट और 38 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। उसने बताया कि ये सामान उसकी बहन के बेटी होने पर कुआं पूजन के समय छुछक में देने के लिए रखा था। उसकी बहन टीकू की ससुराल ढाणा खुर्द हांसी में है। उसने बताया कि छुछक का सामान गत नौ सितंबर को घर के अंदर रखकर गए थे। जबकि छुछक 27 सितंबर को देने जाना था। उनके बंद मकान के ताले तोड़कर चोर सामान पर हाथ साफ कर गए।