भिवानी। जिले से दसवीं में 14,471 नियमित परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 13,314 परीक्षार्थी पास हुए हैं। जबकि 873 परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। इनमें 284 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे हैं। इस बार पास प्रतिशतता 92 फीसदी दर्ज की गई है।
मेधावी विद्यार्थियों को उनके सहपाठियों और शिक्षकों ने बधाई देकर उनका हौसला बढ़ाया। वहीं इस दौरान कई स्कूलों में विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर अध्यापकों ने आशीर्वाद दिया।
आदर्श स्कूल कैरू के 54 विद्यार्थियों ने हासिल की स्टेट मेरिट
भिवानी। आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैरू के विद्यार्थियों ने हरियाणा शिक्षा बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय के कक्षा दसवीं के परिणामों ने यह साबित कर दिया कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उचित मार्गदर्शन और अविराम मेहनत से असाधारण उपलब्धियां भी प्राप्त की जा सकती हैं। विद्यालय प्राचार्य एसएन पालीवाल ने बताया कि इस वर्ष कक्षा दसवीं की परीक्षा में 66 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। जिनमें से 54 विद्यार्थियों ने बोर्ड मेरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
प्रतीक ने 487 97.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर ब्लाॅक स्तर व अपने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। मोहित ने 482 96.4 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय, हिमांशु कैरू व रोहित ने 481 96.2 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के इस परीक्षा परिणाम को लेकर आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन इंस्टिट्यूट कैरू के चेयरमैन आर के बंगालिया ने मेधावी विद्यार्थियों, अभिभावकों व संबंधित शिक्षक को हार्दिक शुभकामनाएं दी।