गांव धनाना में एक दूसरे को मिठाई खिलाते बॉक्सर नीतू के परिजन।
भिवानी। गांव धनाना की बेटी बॉक्सर बेटी नीतू घनघस ने दिल्ली में आयोजित हो रही महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में सिल्वर पदक पक्का किया है और स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला शनिवार हो मंगोलिया की मुक्केबाज के साथ होगा।
बॉक्सर नीतू की इस उपलब्धि पर उसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। हर किसी को पूरा भरोसा है कि नीतू कल देश की झोली में गोल्ड मेडल डालेगी। शुक्रवार को परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। नीतू के पिता जयभगवान, उनके ताऊ रणबीर प्रधान, डॉ. नीरज मित्तल, वरुण गोयल, कृष्ण घनघस, नीतू के भाई सीटू ने कहा कि नीतू की लगातार जीत व मेहनत से पूरा भरोसा है कि कल नीतू गोल्ड जीतेगी। उन्होंने कहा कि वो वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सभी मुकाबले दिल्ली जाकर देखते हैं। नीतू के पिता जयभगवान ने बताया कि नीतू अब तक दो बार यूथ वर्ल्ड चैंपियन रही है, एक बार यूथ एशियन चैंपियन, एक बार कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन रह चुकी है। वहीं, नीतू के ताऊ रणबीर प्रधान कहते हैं कि ऐसी बेटी भगवान सबको दे।