भिवानी। दो दोस्तों की फोन पर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक दोस्त ने अन्य युवकों के साथ मिलकर फिल्मी स्टाइल अपनाते हुए पिस्तौल दिखाकर उसका अपहरण करके फार्म हाउस ले गए। वहां पर उसके साथ मारपीट की और वीडियो बनाया। इसके बाद देर रात घायल अवस्था में रोड पर छोड़कर चले गए। राहगीर ने घायल को अस्पताल में पहुंचाया। इस संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए और अपहरण, धमकी, आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत दो नामजद सहित आठ के खिलाफ केस दर्ज किया।
सेक्टर-23 निवासी विनीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। गत 19 मार्च की रात को उसकी लक्ष्यजीत के साथ फोन पर कहासुनी हो गई थी। इस बात को लेकर उन दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। अगले दिन रात करीब आठ बजे वह अपने अन्य दोस्त के घर से अपने घर पर आ रहा था। उसी दौरान रंजिश के चलते फॉर्च्यूनर में लक्ष्यजीत और अन्य युवक आए। उनके साथ एक वर्ना गाड़ी में भी तीन-चार युवक आए। उसी दौरान लक्ष्यजीत व कुनाल ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट करने के बाद लक्ष्यजीत उसे पिस्तौल दिखाकर गाड़ी में बैठाकर गुजरानी रोड स्थित फार्म हाउस में ले गए। वहां पर उसके साथ मारपीट की और मारपीट करते वक्त वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे घायल अवस्था में रात के समय भगत सिंह चौक के समीप सिटी स्टेशन रोड पर छोड़कर जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। घायल को उसके दोस्त परीक्षित ने देखा और उसे अस्पताल में पहुंचाया। इस बारे में सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-13 चौकी पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। बयान के आधार पर पुलिस ने लक्ष्यजीत व कुनाल को नामजद करके आठ के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
अस्पताल से एक युवक के साथ मारपीट करने की सूचना मिली थी। इस संबंध में घायल के बयान दर्ज किए और बयान के आधार पर दो नामजद सहित अन्य आठ पर केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों दोस्त थे। किसी बात को उनकी कहासुनी हुई है। पुलिस की जांच अभी जारी है।
-प्रदीप कुमार, इंचार्ज, सेक्टर-13 पुलिस चौकी