भिवानी। गांव नाथुवास के सरकारी स्कूल में आपसी समझौता के लिए बुलाए दो विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े में एक महिला अभिभावक को चोटें आईं। इसकी शिकायत पर औद्योगिक पुलिस थाना में दूसरे पक्ष के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव नाथुवास निवासी रेनू ने बताया कि तीन फरवरी की सुबह साढ़े दस बजे सरकारी स्कूल में उसके साथ झगड़ा किया गया। इस लड़ाई झगड़े में आर्यन और नितिन ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और उसके साथ भी जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट की।
महिला ने शिकायत में बताया कि गांव नाथुवास के सरकारी स्कूल में उसका बेटा रितिक 11वीं कक्षा में पढ़ता है। एक फरवरी को आर्यन के साथ स्कूल में उसके बेटे का झगड़ा हुआ था। इसी को लेकर तीन फरवरी को प्राचार्य की तरफ से दोनों पक्षों को स्कूल में बुलाया था। गांव के काफी लोग भी प्राचार्य के पास पहुंचे थे। इसी दौरान स्कूल के अंदर उसका बेटे रितिक के साथ आरोपी युवक आर्यन व नितिन ने झगड़ा कर लिया और उस पर खूब ताल घूंसे बरसाए। उसने जब छुड़वाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की और उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए गांव से निकलवा देने की धमकी दी।
महिला को उनका पति धर्मेंद्र बामला सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां से उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मामले की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाना में दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी युवक आर्यन व नितिन के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।