शहर के मेडिकल कॉलेज में दवाई के लिए लगी मरीजों की लाइन। संवाद
भिवानी। ठंड के कारण बुजुर्गों में शरीर जकड़न और जोड़ों के दर्द के साथ-साथ युवाओं में सर्वाइकल दर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। इसके अलावा विटामिन डी की कमी के कारण हड्डी और मांसपेशियों में दर्द की समस्या आम हो गई है।
शहर के निजी और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष श्योराण के पास प्रतिदिन औसतन 350-400 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर लोग जोड़ों, कमर और सर्वाइकल दर्द की शिकायत लेकर आते हैं। चिकित्सक मरीजों को ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
डॉ. श्योराण ने बताया कि विटामिन डी की कमी को दूर करने का सबसे अच्छा स्रोत सूर्य की पहली किरण है। सर्दी में धूप में बैठकर सिकाई करने से शरीर में विटामिन डी की कमी पूरी की जा सकती है और बदन, कमर और जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है। इसके अलावा ठंडी खाद्य सामग्री से दूरी बनाए रखें, विटामिन और कैल्शियम युक्त संतुलित आहार लें, जंक फूड और सॉफ्ट ड्रिंक्स से परहेज करें और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाएं। लंबे समय तक विटामिन और कैल्शियम की कमी से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए खानपान, धूप और व्यायाम पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
धूप में भी ठंड से राहत नहीं :
वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरा न होने से वाहन चालकों को राहत मिली पर शीतलहर के कारण धूप में भी लोगा ठिठुरते नजर आए।