बवानीखेड़ा। क्षेत्र के गांव सिवाड़ा में रविवार रात 40 वर्षीय अविवाहित दिनेश उर्फ मोनू का शव गांव की श्मशान भूमि में बने कमरे में मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव सिवाड़ा निवासी 40 वर्षीय दिनेश उर्फ मोनू अविवाहित था और मेहनत-मजदूरी करता था। सोमवार सुबह गांव की श्मशान भूमि में बने कमरे में ग्रामीणों ने उसका शव देखा जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी सुनील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को भिवानी के नागरिक अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के चाचा हनुमान सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई के दो बच्चे हैं जिनमें एक बेटा और एक बेटी हैं। मृतक दिनेश मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उन्होंने बताया कि दिनेश शनिवार को मजदूरी के लिए घर से निकला था। वह कई बार दो से तीन दिन तक घर नहीं आता था इसलिए परिवार को किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।
हनुमान सिंह ने अपने भतीजे की हत्या की आशंका जताई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड का गठन कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।