हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के थ्री रूम क्वार्टर भवन में रहने वाले कर्मचारी परिवारों के सिर खतरा मंडरा रहा है। 13 साल पहले ही बने इन क्वार्टर भवन हालत जर्जर है और छतों, छज्जों का मलबा टूट-टूटकर गिर रहा है। मलबा गिरने से एक महिला घायल भी हो गई। इस हादसे के बाद यहां 28 स्टाफ क्वार्टरों में रहने वालों के परिवार चिंतित है और उन्हें भी हादसों का डर सता रहा है। हादसों का एक कारण यह भी है कि बहुमंजिला भवन में मोटी-मोटी दरारें आई हुई है।
शिक्षा बोर्ड की सर्टिफिकेट ब्रांच में बतौर सहायक लगे सुभाष की पत्नी परमजीत कौर पर शनिवार शाम साढ़े पांच बजे 35 फीट की ऊंचाई से भारी मलबा गिर गया। इस मलबे में लेंटर के सरिए तक जमीन पर आ गिरे। हादसे ने महिला जख्मी हुई वहीं यहां रहने वाले कर्मचारियों व उनके परिवारों में भी जर्जर हाल बिल्डिंग में रहने पर खौफ पैदा कर दिया। कर्मचारी बोले कि हम तो अपने घर के अंदर ही कैद होकर रह गए हैं। मलबा गिरने के भय से बच्चों को भी बाहर खेलने नहीं भेजते, क्योंकि उनके सिर पर हमेशा खतरा मंडरा रहा है।
हादसे ने भवन निर्माण की गुणवत्ता और इसके ढांचे के इतने जल्दी जर्जर हाल में पहुंचने पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय मेें वर्ष 2006-07 के दौरान बी-कैटेगरी के कर्मचारियों के लिए थ्री-रूम 28 के क्वाटरों का निर्माण किया गया था। इसमें प्रथम तल पर भी कर्मचारियों के क्वार्टर बने हैं, जबकि तीसरी मंजिल पर छत पर जाने का रास्ता व पानी की टंकियां बनाई गई हैं। ऊपर जाने के लिए रास्ते पर पोर्च भी बनाया हुआ है। इस पोर्च का छज्जा भी काफी जर्जर हो चुका था, जो शनिवार को भरभराकर अचानक टूटकर गिर गया। जिससे मलवा क्वाटरों के बाहर बिखरा पड़ा।
1983 व 86 में बने थे 250 कर्मचारी क्वार्टर
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का गठन 1980 में हुआ था। बोर्ड मुख्यालय परिसर में ही 1983 व 86 में करीब ढाई सौ कर्मचारी रिहायशी क्वार्टरों का निर्माण कराया गया था। लंबे अर्से से इन सभी कर्मचारी क्वाटरों की हालत खस्ता होती चली गई। हालांकि कई बार इनके रखरखाव के लिए बोर्ड प्रशासन द्वारा कदम उठाए गए। जबकि बी-कैटेगरी के कर्मचारियों के क्वार्टर 2006 में बने थे। इनकी हालत भी निर्माण के थोड़े अंतराल के बाद ही खस्ता हो गई है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में बीएंडआर विभाग द्वारा रिपेयरिंग का काम किया जा रहा है। मैंने स्पष्ट हिदायतें दी हैं कि पहले छोटे कर्मचारियों के क्वार्टरों की रिपेयरिंग होगी। मेरे संज्ञान में अभी तक किसी भी कर्मचारी की तरफ से क्वार्टरों की हालत खराब होने संबंधी कोई सूचना नहीं दी गई थी। अब ब्लॉक वाइज पूरे बोर्ड परिसर में बिल्डिंग रिपेयरिंग का काम किया जा रहा है। कहीं मलबा गिरा है तो मैं स्वयं जाकर देखूंगा और जहां भी जरूरत है वहां रिपेयरिंग करवाई जाएगी।
- डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी