शिक्षा बोर्ड आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव की ओर से बोर्ड कर्मचारियों और अधिकारियों की समस्या का समाधान करने के लिए सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह के दूसरे शुक्रवार को किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों व अधिकारियों की समस्याओं का निदान करने का प्रयास किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि दसवीं कक्षा की परीक्षा में परीक्षार्थी के दो विषयों में फेल होने पर परीक्षार्थियों का परिणाम अनुत्तीर्ण रहता है। अब परीक्षार्थियों के भविष्य को देखते हुए व शिक्षा में सुधार लाने के उद्देश्य से बोर्ड की आगामी परीक्षाओं में दो विषयों में फेल होने पर परीक्षार्थी का परिणाम अनुत्तीर्ण के स्थान पर कम्पार्टमेंट घोषित करने पर बोर्ड द्वारा विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा ओपन स्कूल को पुनर्जागृत करने के लिए मंथन किया जा रहा है। पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं को फिर से पढ़ाई से जोड़ने के लिए शिक्षा बोर्ड ने ओपन बोर्ड को री-लांच करने का निर्णय लिया है। इसकी रीलांचिंग को लेकर अधिकारिक मंथन कर व्यवस्थाओं को शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। प्राथमिक योजना के तहत हर जिले में स्टडी सेंटर खोले जाएंगे।