भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अब प्रमाण पत्र वेरिफिकेशन फीस में डेढ़ गुना बढ़ोतरी कर दी है। शिक्षा बोर्ड के इस फैसले से हर साल करीब दस हजार विद्यार्थी प्रभावित होंगे। जो आर्मी या फिर सरकारी विभागों में जॉब करने जाएंगे। उन्हें इसकी जरूरत पड़ेगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने प्रमाण पत्रों की वेरिफिकेशन फीस में बढ़ा दी है। इसके लिए अब 200 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। अब शिक्षा बोर्ड से डुप्लीकेट व मूल प्रमाण पत्र के लिए सत्यापन फीस 500 रुपये निर्धारित की गई है। जबकि पहले 300 रुपए फीस ली जाती थी। इसका सीधा असर आर्मी, सरकारी विभागों व गैर सरकारी विभागों में जॉब करने वालों पर पड़ेगा। जो अभ्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शिक्षा बोर्ड से कराएंगे उन्हें ये शुल्क देना होगा।
इसके अलावा डाक खर्च भी अलग से झेलना पड़ेगा। ऐसे में युवाओं को पांच सौ से एक हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ झेलना पड़ सकता है। गौरतलब होगा कि 2018 के बाद से ही बोर्ड ने सत्यापन फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी, लेकिन अब लंबे अर्से बाद बोर्ड ने सत्यापन फीस बढ़ोतरी का निर्णय लिया है।
इन्हें सत्यापन के लिए देने होंगे 500 रुपये
मिडिल, सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी, डीएड, डीएलएड, हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के मूल व अनुलिपि प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए आर्मी, सरकारी, गैर सरकारी विभागों या संस्थानों से प्रति प्रमाण पत्र सत्यापन फीस 500 रुपए ली जाएगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड छात्र हित में कई अहम फैसले लेता रहता है। बोर्ड ने लंबे अर्से तक सत्यापन फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी, लेकिन अब आंशिक फीस बढ़ोतरी की गई है। इसका ज्यादा विद्यार्थियों पर असर नहीं पड़ेगा। उन विद्यार्थियों को ही बढ़ा हुआ शुल्क देना होगा जो बोर्ड से डुप्लीकेट या फिर मूल प्रमाण पत्र सत्यापन कराना चाहते हैं।
- डॉ. वीपी यादव, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।