परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते हुए परीक्षार्थी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
भिवानी से पंचकूला पहुंचे बोर्ड के 10वीं, 12वीं के प्रश्न पत्रों से दो बंडल गायब होने के मामले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन से सख्त कार्रवाई करते हुए सुपरिंटेंडेंट सहित तीन कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं सोनीपत के सिसाणा केंद्र से पेपर आउट होकर सोशल मीडिया में वायरल होने पर यहां का सेंटर रद्द कर दिया है।
उललेखनीय है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से 10वीं, 12वीं के प्रश्न पत्रों के बंडल 29 फरवरी को ट्रक के जरिए पंचकूला भेजे गए थे। ट्रक में ड्राइवर के अलावा दो पुलिस कर्मी, क्लर्क ओमबीर भी थे। एक कार से सुपरिंटेेंट कुरड़ाराम और सहायक राजेश गुप्ता भी थे। 29 को ही दोपहर के समय ट्रक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 15 पंचकूला पहुंचा जहां से विभिन्न सेंटरों पर प्रश्न पत्र ले जाए जाने थे। वहां प्रश्र पत्रों के बंडलों की गिनती की गई तो 20-20 पेपर के दो सेट वाले बंडल गायब मिले। 10वीं और 12वीं कक्षा के सप्लीमेंट्री प्रश्न पत्र के दो पैकेट गायब थे। गुम हुए प्रश्न पत्रों वाली परीक्षा 21 मार्च को होनी है। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस में की गई और पुलिस ने सुपरिंटेंडेंट कुरड़ा राम की शिकायत पर प्रश्न पत्र चोरी का केस दर्ज किया। इसी मामले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए सुपरिंटेंडेंट कुरड़ा राम सहित तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
हाईटेक प्रबंध, फिर भी कैसे गायब हुए प्रश्नपत्र
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों में दिनभर चर्चाएं रहीं कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन परीक्षाओं को लेकर काफी गंभीर है। सुरक्षा के मद्देनजर हाईटेक प्रबंध किए गए हैं। बावजूद इसके प्रश्न पत्रों के बंडल कैसे गायब हो गए। प्रश्न पत्र चोरी हुए हैं या गायब किए गए हैं। ये चर्चाएं दिनभर कर्मचारियों की जुबान पर रहीं।
बोर्ड द्वारा अपने स्तर पर की गई जांच में पाया है कि पेपर गायब होने में सुपरिंटेंडेंट व दो अन्य कर्मचारियों की लापरवाही रही है। जिसके चलते इन तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसकी जांच करवाई जा रही है।
- डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड