सीधा संवाद कार्यक्रम में मौजूद बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी ।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने कर्मचारियों, अधिकारियों के दिए गए सुझाव, समस्या का समाधान करने के लिए सीधा संवाद कार्यक्रम किया। इस अवसर पर बोर्ड सचिव ज्योति मित्तल व विशेष कार्याधिकारी (अध्यक्ष) विपिन कुमार की विदाई समारोह का भी आयोजन हुआ।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने कहा कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का निदान करने के लिए सीधा संवाद कार्यक्रम हर माह किया जा रहा है। जब पहली बार सीधा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, तब अधिकारियों, कर्मचारियों की ओर से अपनी पदोन्नति समय पर न होने की समस्या को मुख्य तौर पर रखा गया था, जिसे तुरंत संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान निवारण किया गया।
इस अवसर पर बोर्ड सचिव ज्योति मित्तल, विशेष कार्याधिकारी (अध्यक्ष) विपिन कुमार को सीधा संवाद कार्यक्रम के दौरान गरिमापूर्ण विदाई भी दी गई। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि ज्योति मित्तल ने 23 अगस्त 2023 को शिक्षा बोर्ड कार्यालय में पहली महिला सचिव के तौर पर पदभार संभाला था। ज्ञात रहे अब उनका स्थानांतरण उप-मंडल अधिकारी (नागरिक) के पद पर खरखौदा (सोनीपत) में हो गया है। उन्होंने बताया कि विपिन कुमार ने 14 नवंबर 2023 को बोर्ड में विशेष कार्याधिकारी (अध्यक्ष) के तौर पर पदभार संभाला था तथा अब उनकी नियुक्ति नगराधीश भिवानी के तौर पर हुई है। संवाद