बवानीखेड़ा। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से कस्बे के घरों में पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं की जा रही है। इससे परेशान वार्डवासियों का गुस्सा रविवार को फूटा गया। गुस्साए वार्डवासियों ने हांसी-भिवानी बिचला रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सोमवार तक समाधान न होने पर उन्होंने जलघर में तालाबंदी की चेतावनी दी। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता (एसडीओ) जय सिंह ने बताया कि सोमवार को मौके का निरीक्षण करवाकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
लोगों ने बताया कि पिछले दो-तीन महीने से कस्बे में पीने के पानी की कमी है। कस्बावासी पीने और पशुओं के लिए भी पानी खरीद कर टैंकरों से मंगवा रहे हैं जबकि जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने उनके घरों में आपूर्ति के लिए नलकूप के कनेक्शन लगाए हैं। कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि उनके घरों में कई दिनों तक पानी आपूर्ति नहीं आती। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वार्ड 12 नागरिक अस्पताल के पास स्थित है। इसमें एक से दो सप्ताह बाद पानी देने और वह भी अंतिम छोर तक न पहुंचने के कारण वार्डवासियों को खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। इससे नाराज वार्डवासियों ने मई और जून में भी दो बार मटके फोड़कर रोष जताया था। उन्होंने प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की थी। तब विभाग के अभियंताओं ने दो-चार दिन में समाधान का आश्वासन दिया दिया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वार्डवासी किरण, सीमा, प्रीति, संतोष, चंद्रो, रानी, सुरेंद्र, सुमित्रा, सुरेश, बबली, आयुष, रेखा, हीना, ईशा, शीला, स्वामी, सुनील, प्रवीण, पूजा, हैपी, नवीन आदि ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले काफी समय से पानी की समस्या है। विभाग के जेई सचिन कौशिक ने उनके कनेक्शन को द्वितीय जलघर से नहीं जोड़ा है। इस समस्या से तंग होकर वार्डवासियों ने हांसी-भिवानी मार्ग जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आखिरकार बढ़ती गर्मी और उपमंडल अभियंता के फोन पर दिए आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।