भिवानी। रविवार को ब्लैक फंगस का एक नया केस सामने आया है। जिसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है। वही फंगस ग्रस्त एक मरीज ठीक होकर अपने घर लौटा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को जिले के गांव बड़वा में 49 वर्षीय व्यक्ति ब्लैक फंगस से ग्रस्त मिला है। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं गांव तालू से 55 वर्षीय ब्लैक फंगस से ग्रस्त था, जोकि रविवार को ठीक होकर घर लौटा है। जिले में ब्लैक फंगस के अब तक 37 मामले सामने आ चुके है। जिनमें से छह की मौत हो चुकी और 13 ठीक होकर अपने घर लौट आए हैं। जिले में फिलहाल ब्लैक फंगस के 15 सक्रिय केस है। जिन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, पीजीआईएमएस रोहतक और गुरुग्राम के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि ब्लैक फंगस के केस लगातार ठीक हो रहे हैं, जोकि अच्छी सूचना है। आम जन से अपील है कि चिकित्सक के परामर्श से ही दवा का सेवन करें। साथ ही खाने-पीने की चीजों का विशेष ध्यान रखें। ब्लैक फंगस से बचाव के लिए स्वच्छता जरूरी है।