भिवानी। नगर पालिका चुनाव में मतदान के बाद भागदौड़ जरूर थम गई है लेकिन सियासतदानों की धड़कनों की रफ्तार कम नहीं हुई है। मतदान के बाद का पहला दिन निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने जोड़-घटाव और नफा-नुकसान के आकलन में बिताया। बवानीखेड़ा, लोहारू और सिवानी मंडी में जनादेश किसको मिला है, यह तो 12 मार्च को नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल जनादेश को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। मतदान के बाद तीनों नगर पालिका क्षेत्रों में बनाए गए स्टॉन्ग रूम के अंदर ईवीएम रख दी गई हैं, जिन्हें 12 मार्च को ही खोला जाएगा। फिलहाल ये कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच रखी गई हैं।
इस बार चुनाव में दिलचस्प बात यह भी रही है कि सिर्फ बवानीखेड़ा में ही भाजपा ने अध्यक्ष पद का दावेदार मैदान में उतारा, लोहारू और सिवानी में निर्दलीय उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वैसे निर्दलीय उम्मीदवारों में कई भाजपा समर्थित हैं। अगर वे जीते तो यहां बगैर चुनाव लड़े सत्ता पक्ष का पलड़ा भारी हो सकता है।
विधायक के बूथ पर 79 प्रतिशत मतदान
भिवानी जिले की तीन नगर पालिकाओं में इस बार मतदाताओं में जबर्दस्त उत्साह रहा। बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के बूथ नंबर सात पर इस बार मतदान 79 फीसदी से अधिक रहा है। खुद विधायक अपने परिवार के 22 सदस्यों के साथ मतदान के लिए पहुंचे थे। हालांकि लोहारू में विधायक कस्बा का न होकर ग्रामीण क्षेत्र का है। ऐसे में यहां पर मतदान में विधायक के वार्ड की भूमिका नहीं है। वहीं सिवानी में भी किसी वीआईपी का वार्ड नहीं था। हालांकि इस बार मतदान बंपर हुआ पर आंकड़ा पिछले चुनाव से कमतर रहा। बवानीखेड़ा में इस बार 80.6 फीसदी मतदान हुआ जबकि पिछले चुनाव में यह आंकड़ा 86.1 फीसदी रहा था। यही हाल लोहारू नगर पालिका का भी है। जहां इस बार 79.3 फीसदी और पिछली बार 83.1 फीसदी मतदान हुआ था। सिवानी में भी इस बार 85.9 फीसदी मतदान हुआ जबकि पिछली बार 89.1 फीसदी मतदान था।
तीन नपा के चुनावी मैदान में 36 अध्यक्ष उम्मीदवारों में 36 का आंकड़ा
बवानीखेड़ा, लोहारू और सिवानी नगर पालिका चुनाव के लिए कुल 36 उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं, इन सभी उम्मीदवारों के बीच जीत के लिए 36 का आंकड़ा बना है। बवानीखेड़ा में अध्यक्ष पद के 11 दावेदार हैं, इसी तरह लोहारू में भी 17 अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। सिवानी में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आठ उम्मीदवार डटे हैं। अब ईवीएम खुलने के बाद ही इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
-
ये हैं नपा में अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों के उम्मीदवारों की स्थिति
बवानीखेड़ा नगर पालिका- मतदान हुआ-13,595
अध्यक्ष पद के दावेदार- 11
वार्ड पार्षद पद के दावेदार- 56
कुल वार्ड- 16
लोहारू नगर पालिका- मतदान हुआ-8,719
अध्यक्ष पद के दावेदार- 16
वार्ड पार्षद पद के दावेदार- 38
कुल वार्ड- 14
निर्विरोध चुना गया पार्षद- 01
सिवानी नगर पालिका- मतदान हुआ-13,185
अध्यक्ष पद के दावेदार- 08
वार्ड पार्षद पद के दावेदार- 49
कुल वार्ड- 16
-निर्विरोध चुना गया पार्षद- 09
सीएम से लेकर मंत्री, विधायक तक ने झोंकी थी चुनाव में ताकत
नपा चुनाव में भले ही पार्टी ने कई जगह अध्यक्ष पद के सिंबल पर उम्मीदवार नहीं उतारे, लेकिन जहां सिंबल पर प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे, वहां पर सीएम से लेकर मंत्री और विधायक तक ने ताकत झोंक दी थी। बवानीखेड़ा विधानसभा में भाजपा का विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि है। यहां से भाजपा ने नपा अध्यक्ष पद क लिए सुंदर अत्री को उम्मीदवार बनाया है। जबकि लोहारू विधानसभा में कांग्रेस का विधायक राजबीर फरटिया है। लेकिन यहां पर लोहारू नपा और सिवानी नपा में निर्दलीय उम्मीदवार ही आमने-सामने हैं। इनमें भी कई निर्दलीय भाजपा समर्थित बताए जा रहे हैं। पार्टी ने यहां किसी एक उम्मीदवार पर मोहर इसलिए नहीं लगाई, क्योंकि कई दावेदार एक ही पार्टी से थे। ऐसे में बिना सिंगल के नपा चुनाव लड़ने के बावजूद सत्ता पक्ष अपना पक्ष मजबूत करने में जुटा था।
दोहरे सुरक्षा घेरे में रखी गई हैं ईवीएम
तीनों नपा में मतदान कराने के बाद दोहरे सुरक्षा घेरे में स्टॉन्ग रूम के अंदर ईवीएम रखी गई हैं। इसमें पहली सुरक्षा लेयर इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) की है, जबकि दूसरे सुरक्षा लेयर लोकल पुलिस की दी गई है। बवानीखेड़ा नपा में मतदान के बाद राजकीय महिला महाविद्यालय बवानीखेड़ा को स्ट्राॅन्ग रूम बनाया है। जहां 32 ईवीएम रखी गई हैं। इसी तरह लोहारू में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लोहारू को स्टॉन्ग रूम बनाया है। यहां 27 ईवीएम रखी गई हैं। सिवानी के रेलवे रोड स्थित मॉडल संस्कृति स्कूल सिवानी में स्टॉन्ग रूम बनाया है। सिवानी में 31 ईवीएम मशीन स्टॉन्ग रूप में हैं। स्टॉन्ग रूम के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा भी है। हालांकि यहां पर सीसीटीवी की निगरानी भी रखी जा रही है।