प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करती पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल।
भिवानी। पूर्व सांसद व भाजपा नेता सुनीता दुग्गल ने मंगलवार को भिवानी में कहा कि महिलाओं को लेकर जो बयान राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने दिया है, भारतीय जनता पार्टी इससे जरा भी इत्तेफाक नहीं रखती। पहलगाम हमले में पीड़ित महिलाओं को कमजोर कहना उनके निजी विचार हो सकते हैं, यह पार्टी का विचार नहीं। भाजपा नेताओं को शब्दों के चयन में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
दुग्गल 11 जून को कबीर जन्मोत्सव का न्योता देने के लिए भिवानी में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची थीं। यहां पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व सांसद ने कहा कि 11 जून को सिरसा में राज्यस्तरीय कबीर जन्मोत्सव मनाया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य कबीर के जीवन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस मौके पर डीएससी समाज उन्हें भाजपा सरकार द्वारा दिए गए आरक्षण के लिए सीएम का धन्यवाद भी प्रकट करेगा और समाज की मुख्य मांगों का एक मांगपत्र उनको सौंपेगा।